रोड क्रॉस कर रहा था किशोर, कार की चपेट में आने से हो गई मौत
ग्राम के समीप नेशनल हाइवे पर डूड़ा पुलिया के पास एक 13 वर्षीय बालक रोड क्रॉस करते समय एक इंडिका की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बमीठा थाना के गंज निवासी जमुना विश्वकर्मा का 13 वर्षीय पुत्र लखन शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे नेशनल हाइवे किनारे लगे महुआ के पेड़ों से महुआ के फूल बीनने गया था।
वह रोड क्रॉस कर रहा था लेकिन यह भूल गया कि सामने से एक कार आ रही है। जैसे ही लखन ने रोड क्रॉस किया उसी समय छतरपुर की ओर से इंडिका क्रमांक एमपी 04 टीए 1870 आ गई और लखन उसकी चपेट में आ गया। कार की टक्कर लगने से लखन के मुंह से खून आने लगा। इंडिका चालक ने उसमें सवार महिलाओं को दुधमुंहे बच्चों के साथ नीचे उतारा और चोटिल लखन विश्वकर्मा को कार में बिठा कर जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचा। यहां मुंह का खून बंद न होने से उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया, लेकिन आलीपुरा तक पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। परिजन लखन का शव लेकर जिला चिकित्सालय दोपहर 3 बजे पहुंचे लेकिन डाक्टरों ने उसका पीएम दूसरे दिन शनिवार को करने की बात कही। डाक्टरों ने चौकी पुलिस पर कागजाद तैयार करने में देरी का आरोप लगाया।