लिपिकीय हड़ताल के कारण शासकीय कार्यालय रहे सूने
छतरपुर| मप्र लिपिक वर्ग के कर्मचारियों की सामूहिक हड़ताल के कारण शासकीय कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। कोई भी शासकीय कार्य नहीं हुआ। अधिकारी भी बेमन से कार्यालय में आए और अपने लोगों से बैठकर गपशप करते रहे। कुल मिलाकर लिपिक कर्मचारी संघ की कई वर्षों से चली आ रही मांग पूरी न होने के कारण लिपिक कर्मचारियों ने सामूहिक हड़ताल का एलान किया था। पूरे प्रदेश भर में आज हड़ताल रही, जिससे शासकीय कार्यालयों में होने वाले कार्यों में रुकावट रही। दूरदराज से आए लोग कार्यालयों में सन्नाटा पसरा देखकर वापस चले गए। फिलहाल इस हड़ताल से कर्मचारियों का मनोवल बढ़ा है और प्रदेश सरकार पर दबाव कर्मचारियों ने बना लिया है। आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए लिपिक कर्मचारियों की मांग पर सरकार गौर कर सकती है और संभवत: इसी माह इनकी मांगों का निराकरण हो सकता है।