पैसे नहीं मिले तो खाताधारियों ने किया एनएच जाम
प्रखंड मुख्यालय स्थित एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा व वनांचल ग्रामीण बैंक से खाताधारियों को पैसे निकालने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। इससे नाराज खाताधारियों ने एनएच 98 को एक घंटे के लिए जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिनों की छुट्टी के बाद मंगलवार को जब लोग बैंक पहुंचे तो लिंक फेल कह कर खाताधारियों को पैसे नहीं दिए गए। बुधवार को भी यही स्थिति रही। अंततः महिला व पुरुष खाताधारियों ने दोपहर 11.30 बजे बैंक की लचर व्यवस्था से आक्रोशित होकर एनएच 98 जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कई खाताधारियों का कहना था कि शादी विवाह का मौसम है। उनके घरों में बेटी-बहन की शादी है, जिसकी तैयारी के लिए फिलवक्त रुपए की जरूरत है। पीएम आवास योजना के लाभुकों को भी रुपए की जरूरत है, परंतु घंटों कतार में खड़े रहने के बाद बैंककर्मी कहते हैं कि पैसा नहीं है। अधिकतम दो हजार रुपये ही भुगतान कर सकते हैं। ऐसे में शादी के काम कैसे निबटेंगे और पीएम आवास कैसे बनेंगे। जाम की सूचना पर पहुंचे सीओ विजय हेमराज खलको व थाना प्रभारी संतोष कुमार के समझाने पर एक घंटा बाद जाम हटाया जा सका।
इस बाबत एसबीआई के शाखा प्रबंधक अनुकरण तिर्की का कहना है कि एक पखवाड़े से ऊपर से ही आवश्यकतानुसार पैसा नहीं मिल रहा है। साथ ही चार पांच दिनों से बीएसएनएल का केबल कट जाने से लिंक भी फेल है। वहीं एटीएम में पैसा डालनेवाला एक पखवाड़े से नहीं आ रहा है, जिससे एटीएम में पैसा नहीं है। दो तीन दिन में स्थिति ठीक हो जाएगी।