मकान में शराब पीने से मना करने पर गोदाम में लगाई आग
किराए के मकान में शराब पीने से मना करने पर एक युवक ने गोदाम में आग लगा दी। आगजनी से गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर आरोपी पर मामला दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नौगांव रोड में रीजेंसी होटल के पीछे कुसुम गोस्वामी के मकान में किराए से रहने वाले इश्तयाक पिता अब्दुल रहमान ने कोतवाली में रिपोर्ट लिखाई कि मैं किराए के मकान में रहकर कूलर की खस बेचने का काम करता हूं। 13 अप्रैल को करीब साढ़े 10 बजे गोदाम में अपने लेबर के साथ काम कर रहा था। इसी बीच वार्ड नंबर 4 का रामसिंह, अज्जू सोनी पिता नाथूराम सोनी मेरे किराए के मकान में आए और बोला कि मुझे शराब पीना है। शराब पीने से मना करने पर गालियां देते हुए मकान से बाहर निकल गए और सीधे गोदाम में पहुंच गए। वहां पर करीब 6 लाख रुपए का माल रखा था। जाने से पहले वे जलती हुई सिगरेट फेंककर चला गए और कुछ देर बाद आग सुलग गई। आग लगने से गोदाम में रखा पूरा माल नष्ट हो गया।