जिला बार संघ के चुनाव होने के बाद शनिवार को सुबह से मतगणना शुरु हुई। सुबह 9 बजे बार संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और ग्रंथपाल के पद के लिए किए गए मतदान की गणना शुरु की गई हैं। चुनाव में 18 मई को बार के सभी पदों और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतदान किया गया था। कुल 698 मतदाताओं में से 652 लोगों ने मतदान किया था। विशेष न्यायाधीश जितेंद्र कुमार शर्मा की निगरानी में मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद के द्वारा नियुक्त किए गए चुनाव संयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद शमी, चुनाव अधिकारी केके त्रिपाठी, सतीष सिंह, एसडी यादव और ज्ञानप्रकाश चतुर्वेदी के द्वारा मतों की गणना कर परिणाम घोषित किए गए।
एडवोकेट लखन राजपूत ने बताया कि बार संघ के अध्यक्ष पद में राजेंद्र कुमार शर्मा ने 124 वोटों से पूर्व बार संघ अध्यक्ष राकेश दीक्षित को हराया है। सचिव पद में पंकज पाठक पूर्व बार संघ सचिव नरेंद्र खरे से 4 वोट से विजयी हुए। उपाध्यक्ष पद में आलोक द्विवेदी ने भास्कर तिवारी से 187 वोट से जीत हासिल की। सहसचिव पद में अभिलाष पटैरिया ने 18 वोट से आशीष अग्रवाल को हराया। कोषाध्यक्ष पद में आशीष पटैरिया 80 वोट पाकर सुरेश पांडे से विजयी हुए। साथ ही ग्रंथपाल पद में जीतेंद्र व्यास ने कौशल प्रसाद चतुर्वेदी से 143 वोट से जीत हासिल की। पदाधिकारियों की मतगणना के दौरान बड़ी संख्या में लोग कोर्ट परिसर पहुंचे। जैसे ही मतगणना का अंतिम परिणाम घोषित किया गया। जीत हासिल करने वाले पदाधिकारियों के चेहरे खिल उठे और उनके समर्थक में खुशी की लहर दौड़ गई और वे परिसर में ही झूमने लगे। धूम धाम के साथ जीते हुए पदाधिकारियों को फूल मालाएं पहनाकर, मिठाई खिलाकर बधाइयां दी। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय कार्य परिषद सदस्य राजेंद्र कुमार गुप्ता, अधिवक्ता परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश पटेल और जिलाध्यक्ष आशाराम त्रिपाठी, महामंत्री महेश दीक्षित, हिमांशु चौरसिया, ऋषि बिल्थरे, विनोद दीक्षित, रवि पांडे सहित बड़ी संख्या में वकीलों ने जीते पदाधिकारियों को बधाई देकर शुभकामनाएं दी।
माेटे के महावीर मंदिर पहुंचे पदाधिकारी : पदाधिकारियों की घोषणा होने के बाद कोर्ट परिसर से लगे हुए मोटे के महावीर मंदिर में पूजा अर्चना की गई। जहां पर पदाधिकारी पहुंचे और उन्होंने भगवान से आर्शीवाद लिया व बार के विकास व हित में काम करने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे। इस दौरान सीएसपी राकेश शंखवार, सिटी कोतवाली टीआई संधीर चौधरी, सिविल लाइन टीआई हिमांशु चौबे अपने पुलिस बल के साथ सुबह से बार संघ पदाधिकारियों की मतगणना की व्यवस्था में लगे रहे हैं और शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना हुई। 20 मई को सुबह 9 बजे बार संघ के 19 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतगणना होगी।
राजेंद्र शर्मा।
छतरपुर। परिणाम घोषित हाेने के बाद नवनियुक्त पदाधिकरियों का किया स्वागत।
पदाधिकारियों के यह रहे परिणाम
किसे कितने वोट मिले
अध्यक्ष पद राजेंद्र शर्मा- 361 , राकेश दीक्षित- 237 , देवेंद्र मिश्रा- 20 , राजाबाबू शुक्ला-23 अशोक श्रीवास्तव- 3 उपाध्यक्ष पद आलोक द्विवेदी- 348 ,चंद्रदेव त्रिपाठी- 131 , भास्कर तिवारी- 161 सचिव पद पंकज पाठक-240, नरेंद्र खरे- 236, अरुणेश मिश्रा-168 सहसचिव पद अभिलाष पटेरिया- 273, आशीष अग्रवाल- 255 , रोहित पटैरिया- 92 , कोषाध्यक्ष पद आशीष पटैरिया- 296, सुरेश पांडे-216 , रविंद्र कुशवाहा- 122, ग्रंथपाल पद जीतेंद्र व्यास- 376, कौशल चतुर्वेदी- 233