भास्कर संवाददाता | छतरपुर/खजुराहाे
खजुराहो रेलवे स्टेशन के सामने गुरुवार को असंगठित मजदूर अाैर तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना को विस्तृत रूप में बताया। निर्धारित कार्यक्रम से 2 घंटे देर से मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस पूरे कार्यक्रम में करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए गए है। इसमें 35 लाख रुपए का महज टेंट हाऊस लगाया गया। गर्मी अधिक होने के चलते पानी की ज्यादा मांग रही। पांडाल में बैठे हितग्राही पानी के लिए चिल्लाते रहे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 03.55 बजे पहुंचे। पहले सीएम ने कन्याओं का पूजन किया और उनके पैर धुलकर आशीर्वाद लिया। इसी बीच मंच पर बैठे हुए विधायक और सांसद को पगड़ी बांधी गई। सीएम का स्वागत करने के बाद सांसद नागेंद्र सिंह ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान कार्यक्रम में छतरपुर जिले सहित पन्ना जिले से भीड़ एकत्रित की गई थी। मंच से तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को चप्पल और साड़ी सहित पानी के लिए बॉटल दी गई। इसमें सीएम ने महिलाओं को चप्पलें पहनाईं।
36 मिनट में चार बार पीएम का नाम लिया : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 4.16 मि. पर बोलना शुरु किया और 4.52 मिनट तक नॉन स्टॉप बोलते रहे। इस पूरे कार्यक्रम में सीएम ने चार बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व जब मैंने तेंदूपत्ता चुनने वाली बहनों के पैरों में चप्पल न होने का कारण पूछा तो जवाब दुखित मिला। उसी दिन चरण पादुका योजना ने जन्म लिया। जंगली जमीन पर मेरे भाईयों और बहनों के पैर कांटों और नुकीले पत्थरों से लहूलुहान होते हैं, तो एक आह मेरे दिल से भी निकलती है। यह योजना ठीक तरह से लागू हो, इसलिए प्रत्येक पंचायत से 5 लोगों को नियुक्त किया जाएगा। जो मॉनिटरिंग करेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने इन योजनाओं का भी जिक्र किया
1. जनता कल्याण के लिए मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना लेकर आया हूं। जो मजदूर हैं। जो आयकरदाता नहीं हैं, जिनके पास ढाई एकड़ से कम जमीन है। वो इस योजना के लिए पात्र हैं। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश की जमीन पर जन्म लेने वाले हर गरीब को रहने की जमीन का मालिक बनाया जाएगा। जो गरीब घास-फूस की झोपड़ी में रहते हैं। उन्हें 2023 तक पक्का मकान दे दिया जाएगा।
2. शिक्षा से ही गरीबी को मिटाया जा सकता है। इसलिए गरीब परिवारों के बच्चों की पहली कक्षा से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई की व्यवस्था की है। इनकी पूरी फीस प्रदेश सरकार भरेगी।
3. बीमारी का खर्च परिवार की कमर तोड़ देती है, इसलिए बेहतर उपचार व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए राज्य बीमारी सहायता के अंतर्गत हमने रु. 5 लाख तक का इलाज नि:शुल्क करवाने की व्यवस्था की है।
4.गरीब गर्भवती बहनों को 6वें से 9वें महीने के बीच 4 हजार रुपए दिए जाएंगे, ताकि वह फलों के साथ ही पौष्टिक आहार लें। प्रसव के बाद 12 हजार रुपए और उसके बैंक खाते में जमा किए जाएंगे।
क्रिकेट बॉल की तरह उछाले पानी पाउच
अधिक गर्मी और धूप होने के चलते पांडाल के पास पानी के पाउचों की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान क्रिकेट बॉल की तरह पानी के पाउच फेंककर हितग्राहियों को दिए गए। जिसने कैच लिया, उसकी प्यास बुझी और जिसने छोड़ दिया, वह प्यासा ही रह गया। इसके साथ ही ट्रक से स्व सहायता समूह की महिलाएं पानी पाउच की बोरियां ढोती हुई नजर आईं। पूरा एक ट्रक पानी इसी प्रकार लोगों में वितरित हुआ। इससे आधे से ज्यादा पाउचों का नुकसान हुआ है।
छतरपुर। मंच पर एक महिला को चप्पल पहनाते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।
छतरपुर में 20 हजार 353 चरण पादुकाएं वितरित हुई
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में छतरपुर जिले के 41 हजार 483 तेंदूपत्ता संग्राहकों को पानी की बोतल, 20 हजार 353 चरण पादुकाएं अाैर साड़ियों का वितरण, पन्ना जिले के 2 लाख 65 हजार 296 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड का वितरण, 24 हजार 820 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 4 करोड़ 79 लाख रुपए बोनस राशि का वितरण एवं 52 हजार 986 संग्राहकों को पानी की बोतल, 25 हजार 91 संग्राहकों को चरण पादुकाएं एवं साड़ियों के वितरण के अलावा मुख्यमंत्री आश्रय योजना के तहत 34 हजार 401 भूखंड धारकों को भू-अधिकार प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रतीकात्मक रूप से कुछ हितग्राहियों को मंच से हितलाभ प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने हाल ही में घोषित हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी परीक्षा परिणामों में स्टेट मेरिट में आने वाले छतरपुर अाैर पन्ना जिले के छात्राें को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सांसद बोले : हमारे क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॅालेज खुलवाओ, तो सीएम गुस्से में देखने लगे : सांसद नागेंद्र सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्यमंत्री के सामने कई मांगें रखी। उन्होंने कहा कि बिजली सड़क तो मिली गई। लेकिन हमारे लोकसभा क्षेत्र में मजरा-टोला है, जहां पर बिजली नहीं पहुंच पा रही। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज व चिकित्सा महाविद्यालय हमारे क्षेत्र में खुल जाए, तो अच्छा होगा। तो सीएम शिवराज सिंह चौहान गुस्से में सांसद की ओर देखने लगे।
छतरपुर। राहत राशि का चैक पाने के बाद मुख्यमंत्री के पैर छूती महिला हल्की बाई अहिरवार।
मैरिट में आए छात्र-छात्राओं को लेपटॉप बांटे :माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल परीक्षा में जिले के 7 छात्र-छात्राओं ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री द्वारा 7 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसमें प्रिया साहू (98.6%) तीसरा स्थान, आशीष साहू (98.4%) चौथा स्थान, शिवानी सोनी (97.8%) सातवां स्थान, दीपशिखा चौबे (97.8%) सातवां स्थान, मेघा निरंजन (97.4%) नवां स्थान, सर्वज्ञा श्रीवास्तव और प्रतिभा राजपूत (97.2%) दसवां स्थान शामिल रहे।