टीकमगढ़-सागर मार्ग पर बड़ागांव स्थित धसान नदी पर बने पुल की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। इस पुल के उन्नयन के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने 13 कराेड़ 79 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। बान सुजारा बांध बनने के बाद यह पुल डूब क्षेत्र में आ रहा है। इस कारण पुल का उन्नयन किया जाएगा। जिससे लोगों को बारिश के मौसम में असुविधा न हो। इसके अलावा इस पुल सहित टीकमगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से करीब 64 करोड़ के निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई। जिनमें से सड़क निर्माण के लिए विभाग द्वारा टेंडर भी बुलाए जा चुके हैं। धसान नदी पर उच्च स्तरीय पुल के निर्माण के लिए करीब 13 करोड़ 79 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। दो साल पहले बारिश में यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसका अभी मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
15 दिन पहले मिली सड़क और सेतु निर्माण की स्वीकृति : पीडब्ल्यूडी विभाग के ईई मनोज सक्सेना ने बताया कि सड़क मार्गों और सेतु निर्माण की स्वीकृति अभी 15 दिन पहले ही मिली है। सड़क निर्माण के लिए टेंडर बुलाए जा चुके हैं। 15 से 20 दिन में टेंडर खुलने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टेंडर खुलने के 8 से 9 माह के अंदर सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
2 नए पुल निर्माण और 4 सड़क कार्य के लिए 63 करोड़ 45 लाख रु. की राशि हुई स्वीकृत
धसान नदी पर बना जर्जर पुल
बानसुजारा बांध में सिर्फ गेट लगना ही बाकी, 95 फीसदी काम पूरा
धसान नदी पर छतरपुर के बान अौर टीकमगढ़ के सुजारा गांव के बीच बांध का निर्माण किया जा रहा है। बांध सुजारा बांध के ईई अनिल दीक्षित का कहना है कि बांध में सिर्फ गेट लगाने का काम बाकि है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। 30 जून तक बांध का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। बांध के गेट लगने के बाद टीकमगढ़ सागर मार्ग पर धसान नदी का पुल डूब जाएगा। जिसके उन्नयन का काम जल्दी शुरू हाेगा। जिले में दो उच्च स्तरीय पुल निर्माण और चार सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत प्रदान की गई है। यह इस साल की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इन दो नए पुल निर्माण और चार सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से 63 करोड़ 45 लाख रुपए की राशि की स्वीकृत दी गई है।
इन दो जगहों पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण की मिली स्वीकृति
1.मजना से दिगौड़ा मार्ग में पराई नदी परेवाघाट पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण लागत 316.07 लाख
2.टीकमगढ़ शाहगढ़ मार्ग के किमी 32/8 में धसान नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य 1379.64 लाख
इन 4 मार्गों का होगा चौड़ीकरण
Á कारी नगर पंचायत से सुनौनी मार्ग लंबाई 13.90 किमी
लागत 1045.33 लाख
Á माडूमर मुख्य मार्ग से उत्तर प्रदेश सीमा तक कुल लंबाई 13 किमी लागत 1227.48 लाख
Á टीकमगढ़ गल्ला मंडी से कांटी गांव तक कुल लंबाई 10 किमी लागत 1012.48 लाख
Á टीकमगढ़ झांसी रोड से टीकमगढ़ मऊरानीपुर रोड तक बायपास कुल लंबाई 11.61 किमी लागत 1361.38 लाख
जल्द शुरू होगा पुल निर्माण कार्य
Ãबांध सुजारा के शुरू होते ही धसान नदी पर बना पुल डूब जाएगा। जिसके चलते उसके उन्नयन के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 13 करोड़ 80 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई। जिससे पुल का उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा एक अन्य सेतु निर्माण सहित चार मार्गों के चौड़ीकरण करने की स्वीकृति मिली है। जिस पर जल्दी से जल्दी काम शुरू किया जाएगा। -केके श्रीवास्तव, विधायक