सब इंजीनियर को मिला नोटिस सरकारी क्वार्टरों को कराया खाली
समाचार प्रकाशित होने के बाद आनन-फानन में निकलवाया सामान
भास्कर संवाददाता|छतरपुर
लोक निर्माण विभाग के नए भवन को गोदाम बनाने के लिए अफसरों ने भवन को किराए पर दे दिया था। अब कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल ही अधिकारियों ने आनन-फानन में भवन से व्यापारी का सामान निकलवाया। इस भवन में दो क्वार्टर हैं, जिसमें से एक में सब इंजीनियर रह रहे हैं, जबकि दूसरा खाली पड़ा हुआ है। इसमें वहां पर रहने वाले सब इंजीनियर शिवम पांडे को नोटिस जारी करते हुए जवाब भी मांगा गया है।
दैनिक भास्कर द्वारा 13 अप्रैल 18 के अंक में “पीडब्ल्यूडी के बंगले बने गोदाम; व्यापारियों को किराए पर दिए, वाहन पार्किंग का अड्डा भी बना’’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया। मामला उजागर होते हुए अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल ही कार्रवाई करते हुए व्यापारी का रखा हुआ सामान बाहर निकलवाया और वहां पर रहने वाले सब इंजीनियर शिवम पांडे को नोटिस जारी करते हुए कहा गया कि आप वहां पर निवास करते हैं, आपको जानकारी होने के बाद भी विभाग को क्यों अवगत नहीं कराया गया। साथ ही अब वहां पर खड़े होने वाले प्राइवेट वाहनों की एंट्री भी बंद कर दी गई। एसडीओ आरएस शुक्ला ने बताया कि पांडे इलेक्ट्रिकल्स द्वारा सामान रखा गया था, जिन्होंने बिजली फिटिंग का वहां पर कार्य किया और फिर उनके पास चाबी होने से उन्होंने सामान रखा हुआ था यह बात सामने आई है।