अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की माैत
टक्कर मारने वाले की अब तक नहीं हाे सकी शिनाख्त
भास्कर संवाददाता| छतरपुर
नौगांव थाना क्षेत्र में महेबा तिराहा के पास शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर लगकर गिरने से करारागंज गांव का बाइक सवार युवक घायल हो गया। घायल युवक को 108 वाहन की सहायता से इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पर उसकी हालत अधिक खराब होने के कारण कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि आलीपुरा क्षेत्र में करारागंज गांव का नरेंद्र पिता हरीकुमार अहिरवार उम्र 21 वर्ष शुक्रवार की देर रात अपनी बाइक पर सवार होकर छतरपुर से अपने गांव की ओर जा रहा था। इस दौरान महेबा तिराहा के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। वाहन की टक्कर लगकर गिरने से घायल युवक को हाथ- पैर और सिर में गंभीर चोट आने पर 108 वाहन की सहायता से इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पर घायल की हालत अधिक गंभीर होने के कारण कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने शनिवार की सुबह मृतक का पंचनामा तैयार कर पीएम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।