श्रीराम कॉलोनी के 93 आवेदकों को मिलेंगे जमीन के पट्टे
छतरपुर| गुरइया रोड की श्रीराम कॉलोनी के लोगों को भी आवासीय पट्टे दिलाए जाएंगे। महिला बाल विकास राज्यमंत्री ने सोमवार को कॉलोनी पहुंचकर पट्टे के लिए आवेदन लिए। इस दौरान 93 लोगों ने आवेदन किए हैं। सभी आवेदन राजस्व विभाग को सौंपकर दो दिन में सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर राज्यमंत्री ललिता यादव ने लोगों की समस्याएं सुनीं अौर कॉलोनी में एक हैंडपंप लगाए जाने की घोषणा की। लोगों ने गरीबी रेखा के राशन कार्ड बनवाने की मांग की, जिस पर उन्होंने कहा कि इसके स्थान पर श्रमकार्ड बनवाएं जिससे विभिन्न तरह के फायदे मिलेंगे। उन्होंने मौके पर ही श्रमकार्ड के लिए आवेदन पत्र वितरित किए और कहा कि इन आवेदन पत्रों को भरकर 20 अप्रैल के पहले रजिस्ट्रेशन करा लें। इस अवसर पर शिवचरण यादव, जावेद अख्तर, राजेंद्र सिंह मोनू, नारायण सिंह, आकाश, शैलेंद्र सिंह, रजनी यादव और संजय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।