सागर रोड के उपभोक्ताओं के लिए नवीन विद्युत वितरण केंद्र स्वीकृत
सागर रोड के उपभोक्ताओं के लिए नवीन विद्युत वितरण केंद्र स्वीकृत
छतरपुर | मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर द्वारा उपभोक्ता सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से छतरपुर संभाग कार्यालय छतरपुर प्रथम के नाम से विद्युत वितरण केंद्र के सृजन को मंजूरी दी गई है। कार्यपालन यंत्री एसके गुप्ता ने बताया कि छतरपुर ग्रामीण विद्युत वितरण केंद्र कार्यक्षेत्र बड़ा होने और उपभोक्ताओं की संख्या ज्यादा होने के कारण, वितरण केंद्र को विभक्त कर नए केंद्र की स्वीकृति जारी की गई है। नवीन वितरण केंद्र में ढडारी व मातगुवां 33/11 केव्ही उपकेंद्रों से विद्युत प्राप्त करने वाले गांव व कुछ अन्य गांवों को शामिल किया गया है। नवीन वितरण केंद्र के चालू होने से सागर रोड के लगभग 8 हजार उपभोक्ता लाभांवित होंगे।
छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
छतरपुर | पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन करने के अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। पात्र छात्र पोर्टल पर नियत तिथि तक अपने कॉलेज के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। विभाग प्रभारी डॉ. नारायण सिंह परमार ने जिले के सभी शासकीय अाैर अशासकीय कॉलेजों के प्राचार्यों से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
भारतीय सेना भर्ती रैली 1 से 7 मई तक
छतरपुर | भारतीय सेना में यूनिट हेडक्वार्टर कोटा के तहत एएमसी सेंटर, लखनऊ में 1 से 7 मई तक जिले के भूतपूर्व सैनिकों अाैर सैनिक की विधवाओं के बच्चों की भर्ती की जाएगी। भर्ती के लिए रैली का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।