नेशनल लोक अदालत जिला अाैर तहसील न्यायालय में 22 अप्रैल को होगी आयोजित
अध्यक्ष एवं जिला सत्र न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छतरपुर के मार्गदर्शन में 22 अप्रैल को नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय अाैर समस्त तहसील न्यायालयों में किया जा रहा है। जिला विधिक सहायता अधिकारी ने बताया कि जिले में नेशनल लोक अदालत की तैयारियां जिला अाैर तहसील न्यायालय पर की जा रहीं हैं। इस अदालत का प्रचार प्रसार बैनर, फ्लेक्स, पेंपलेट्स, पोस्टर अाैर विधिक साक्षरता शिविर के माध्यम से किया जा रहा है।
नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के क्लेम प्रकरण, भरण पोषण, घरेलू हिंसा संबंधी पारिवारिक मामले, आपराधिक व सिविल राजीनामा योग्य अपील, श्रम, विद्युत अधिनियम के प्रकरण सहित समस्त दीवानी मामले रखे जा रहे हैं। इसी प्रकार प्रीलिटीगेशन प्रकरणों में नगर पालिका जलकर, विद्युत बकाया, धारा 138 एनआई एक्ट, वैवाहिक विवाद, अन्य आपराधिक व दीवानी राजीनामा योग्य प्रकरण रखे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा बकाया राशि के ब्याज अाैर अधिभार में नियमानुसार छूट दी जा रही है। यह छूट केवल 22 अप्रैल की नेशनल लोक अदालत के लिए ही दी जाएगी। बैंक द्वारा भी वन टाइम स्कीम सेटलमेंट के अंतर्गत आकर्षक छूट भी दी जा रही है। आयोजित होने वाली इस नेशनल लोक अदालत के लिए जिला न्यायाधीश द्वारा जिले के समस्त पक्षकारगण व आमजन से अपील की गई है कि समस्त पक्षकार और आमजन अपने प्रकरण इस अदालत के माध्यम से निराकृत कराकर अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।
अपराधों की समीक्षा बैठक 20 अप्रैल को
छतरपुर | कलेक्टर अाैर जिला दंडाधिकारी रमेश भंडरी की अध्यक्षता में 20 अप्रैल की शाम 4 बजे से कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में अपराधों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में जिला न्यायालय के तहत लंबित चिन्हित, जघन्य अाैर सनसनीखेज गंभीर अपराधों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में सर्व संबंधितों को जानकारी के साथ उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।