मनमाफिक समिति का गठन नहीं किया तो जनसेवक से मारपीट
छतरपुर | प्रखंड अंतर्गत दीनादाग पंचायत के ठेकही गांव में ग्राम विकास समिति का गठन कराने गए जनसेवक सह पंचायत सचिव नागेंद्र राम के साथ जातिसूचक शब्द का प्रयोग कर गाली गलौज करते हुए मारपीट की गई है। इस मामले में पंचायत सचिव ने छतरपुर थाना में तिलहरवा गांव के सूर्यमुखी यादव के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। कहा है कि मंगलवार को ग्राम ठेकही में ग्राम विकास समिति का गठन कराने के बाद सरकारी कार्य संपादित करने को लेकर तिलहरवा गांव होते लौट रहा था। इसी दौरान सूर्यमुखी यादव द्वारा मुझे रोक कर यह कहते हुए कि मुझसे पूछ कर मेरे लोग का चुनाव क्यों नहीं किया और जातिसूचक शब्द का प्रयोग कर गाली देते हुए मारने लगे और ग्रामसभा की पंजी छीनने का प्रयास किया। साथ ही बाइक की चाबी छीन ली, जो ग्रामीणों के कहने पर बाद में दे दी। उसने कहा कि जिसे कहें उसी को समिति का अध्यक्ष व सचिव बनाना होगा। धमकी भी दी गई कि कहा नहीं मानने पर अपहरण कर लेंगे।