भास्कर संवाददाता | छतरपुर/लवकुशनगर
लवकुशनगर थाना क्षेत्र के सुरा गांव में स्थित रेत खदान पर सोमवार दाेपहर करीब पौने 4 बजे वाहनों से आए आरोपियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
लवकुशनगर थाना के एसआई राजेश सिंह बघेल ने बताया कि सुरा रेत खदान ग्राम पंचायत के नाम पर अधिकृत है। इस खदान पर मदन तिवारी निवासी पन्ना हाल निवासी सुरा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि सोमवार अपरान्ह करीब पौने 4 बजे वह खदान पर थे तभी 3 बाइकों पर सवार होकर राजनगर थाना क्षेत्र के विक्की पटेल, भूपेंद्र सिंह, कपित तिवारी, गोलू राजा, भूरा यादव, तीरथ यादव, निशान मुहम्मद और अंसू चौबे आए। आरोपी गणों ने रुपयों की मांग की। रुपए नहीं देने पर उन्होंने कट्टों से कई राउंड फायर किए। फायरिंग कर दहशत फैलाने के बाद आरोपी गाली गलौज करते व धमकी देते हुए वहां से चले गए।