छतरपुर को पिछड़े जिले की श्रेणी में रखे जाने के बाद भारत सरकार द्वारा जिले में चल रही योजनाओं पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को केंद्रीय दल छतरपुर पहुंचा। केंद्रीय दल में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार सहित अन्य आईएएस अफसर शामिल रहे। पन्ना रोड स्थित एक निजी होटल में प्रेजेेंटेशन कार्यक्रम हुआ। इसमें कलेक्टर रमेश भंडारी ने अफसरों के सामने प्रेजेंटेशन दिया। दोपहर बाद 4 बजे से इस कार्यक्रम को शुरु किया गया।
प्रेजेंटेशन शुरु होते ही मंच से राज्यमंत्री ललिता यादव उठकर चलीं गईं। उन्होंने अन्य दूसरे कार्य होने का हवाला देकर मंच से जाना उचित समझा। जबकि जिला पिछड़ापन में शामिल है और केंद्रीय दल राज्यमंत्री के विभाग की भी समीक्षा कर रहा है। महिला बाल विकास विभाग को भी प्रेजेंटेशन में मुख्य रूप से शामिल किया गया। दोपहर से शुरू हुआ प्रेजेंटेशन कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। इसमें जिलेभर के अधिकारी शामिल हुए थे। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ कैसे पहुंचाना है। यह भी बताया गया।
केंद्रीय दल द्वारा तीन दिवसीय दौरे की पूरी रिपोर्ट केंद्र सरकार को दी जाएगी
छतरपुर। होटल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी गण।
5 सदस्यीय दल का रहा दौरा
केंद्रीय दल सुबह 10.15 बजे दिल्ली से वायुयान द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.40 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचा। दोपहर 3 बजे प्रस्थान कर शाम 4.15 बजे दल छतरपुर के एक निजी होटल पहुंचा। जहां पर प्रेजेंटेशन कार्यक्रम था। दल में सदस्य के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार सहित विभाग के सचिव राकेश श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव डॉ. राजेश कुमार और के मोसेस चलाई और अनुभाग अधिकारी एस संथानम शामिल थे।
आज अस्पताल का निरीक्षण करेंगे
केंद्रीय दल आज जिला अस्पताल का निरीक्षण करेगा। इसको लेकर सोमवार को अस्पताल में तैयारियां जोरों पर रहीं। जहां मरीजों को पीने का पानी नसीब नहीं होता था। लेकिन अब केंद्रीय दल द्वारा निरीक्षण किए जाने की सुनते ही सभी वाटर कूलर चालू करवा दिए। इसके अलावा साफ-सफाई का कार्य तेजी पर है। आज बैठक के बाद केंद्रीय दल जिला अस्पताल पहुंचेगा।
कल गांवों में भ्रमण के बाद दिल्ली में देंगे रिपोर्ट
केंद्रीय दल के सदस्य कल 23 मई 18 को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक फील्ड विजिट करेंगे। इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे खजुराहो जाएंगे। जहां से 3.15 बजे वायुयान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली पहुंचने पर तीन दिवसीय दौरे की पूरी रिपोर्ट दल द्वारा केंद्र सरकार को दी जाएगी। केंद्रीय दल के जिले में प्रवास एवं भ्रमण के दौरान संपूर्ण व्यवस्था के लिए जिपं सीईओ हर्ष दींिक्षत को नोडल अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय जैन को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था।
स्वास्थ्य के मामले में पिछड़ा जिला
प्रजेंटेशन में कलेक्टर रमेश भंडारी ने महिला बाल विकास, चिकित्सा, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, माध्यमिक शिक्षा, उद्योग, सूचना विज्ञान, आईटीआई, लोक निर्माण, पर्यटन, कृषि, ऊर्जा, जल संसाधन, उद्यानिकी एवं खनिज विभागों का प्रजेंटेशन दिया। उन्नति का आकांछी, जिला छतरपुर नाम से प्रजेंटेशन हुआ। इसमें स्वास्थ्य विभाग सिर्फ आंकड़ों पर ही चलता नजर आया। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े देखकर केंद्रीय दल भी दंग रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के हालात केंद्रीय टीम पहले भी जान चुकी है। इसमें स्वास्थ्य विभाग अब भी पिछड़ापन से उबर नहीं पा रहा है।