तैयारी... सांईं बाबा का वार्षिकोत्सव 27 और 28 मई को
छतरपुर| हनुमान टोरिया परिसर के सांईं बाबा मंदिर में 9वें वार्षिकोत्सव की तैयारी श्रद्धालुजनों द्वारा जोरों से की जा रही हैं। दो दिन तक चलने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ 27 मई को बाबा की शोभायात्रा से शुरू होगा। 28 मई की रात महाआरती के बाद इस महोत्सव का समापन हो जाएगा। हनुमान टौरिया मार्ग के साईं मंदिर में 27 मई की सुबह 7 बजे ढोल ढमाकों और कलश यात्रा के साथ बाबा की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सर्किट हाउस तिराहे से शुरू होकर किशोर सागर मार्ग, बस स्टैंड, पत्रकार चौक, हटवारा, गांधी चौक, सिटी कोतवाली, महल तिराहा, छत्रसाल चौराहा होते हुए आकाशवाणी तिराहा से वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। वहां पर बाबा की महाआरती भक्तों द्वारा की जाएगी। 28 मई की सुबह बाबा का अभिषेक, हवन, मंगल आरती के साथ ही दोपहर 12 बजे से भंडारा होगा जो देर रात 10 बजे तक चलेगा। सांईं सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से कहा है कि दो दिन तक चलने वाले वार्षिकोत्सव में सपरिवार पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लें।
संघ... आश्वासन पर अमल न होने से नाराज अध्यापक, 24 को करेंगे भोपाल में प्रदर्शन
छतरपुर| सातवें वेतनमान, स्थानांतरण, शिक्षा विभाग में संविलियन की मांगों को लेकर अध्यापक लंबे समय से आंदोलन करते अा रहे हैं। अपनी मांगों को पूरा करने के लिए कई बार अध्यापक भोपाल पहुंचे। पर सरकार ने इन्हें हर बार सिर्फ आश्वासन दिया। इस बात से परेशान प्रदेश भर के अध्यापक 24 मई को प्रदर्शन करने भोपाल पहुंचेंगे। आजाद अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि 21 जनवरी को मुख्यमंत्री ने आवास में बुलाकर अध्यापकों का शिक्षा विभाग में संविलियन करने की घोषणा की। तब से 4 माह गुजर चुके हैं, पर अभी तक आदेश जारी नही किए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि या तो सरकार अध्यापकों को कोरे आश्वासन दे रही है या अधिकारी मुख्यमंत्री की घोषणा को तवज्जो नहीं दे रहे हैं। लगातार मिल रहे आश्वासनों से अब अध्यापकों में आक्रोश है। अब संघ प्रांताध्यक्ष भरत पटेल के नेतृत्व में आंदोलन की राह पर जाने को मजबूर हो गया है। इसलिए अब 24 मई को प्रदेश भर के अध्यापक भारत माता चौराहा भोपाल में धरना पदर्शन करेंगे। इस जिले के करीब 1 हजार अध्यापक आंदोलन में भाग लेने के लिए भोपाल जाएंगे।
संघ...हायर सेकंडरी की परीक्षा 3 जुलाई और हाई स्कूल की 4 जुलाई से, आवेदन ऑन लाइन भरना शुरू
छतरपुर। हायर सेकंडरी और हाई स्कूल परीक्षा में जिन छात्रों का परीक्षा परिणाम पूरक आया है। उन छात्रों की परीक्षाएं 4 जुलाई से शुरू हो रही है। इनके लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया विभाग ने शुरू कर दी है। पूरक परीक्षार्थी कहीं भी जाकर अपना फार्म भर सकते हैं। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जेएन चतुर्वेदी ने बताया कि हाई स्कूल व हायर सेकंडरी मुख्य परीक्षा में जिन छात्रों ने पूरक प्राप्त की है, वे सिर्फ ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत परीक्षा के एक दिन पहले तक फॉर्म भर सकते हैं। पूरक आने वाले छात्र स्वयं एमपी ऑनलाइन के कियोस्क पर अपनी मुख्य परीक्षा के परीक्षाफल के आधार पर पूरक के विषय, अनुक्रमांक की जानकारी देकर शुल्क का नकद भुगतान करते हुए आवेदन पत्र भर सकते हैं। जो छात्र स्वयं कियोस्क जाकर फॉर्म नहीं भरना चाहते, वे अपने संस्था प्राचार्य को पूर्ण जानकारी व शुल्क उपलब्ध कराएंगे। ताकि प्राचार्य अपने स्कूल में अध्ययनरत रहे पूरक प्राप्त छात्रों के आवेदन भर सकें। निर्धारित समय सीमा में यदि प्राचार्य कार्रवाई नहीं करते तो वे स्वत: जिम्मेदार होंगे।
सुबह 9 से 12 बजे तक होगी परीक्षा: हाई स्कूल व हायर सेकंडरी नियमित और स्वाध्यायी के छात्रों के प्रति विषय शुल्क 350 रुपए निर्धारित किया गया है। कियोस्क संचालक का शुल्क 25 रुपए अलग से देय होगा। पूरक परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्रों के प्रवेश पत्र 15 जून से ऑनलाइन के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं। हायर सेकंडरी परीक्षा में 1 विषय और हाई स्कूल परीक्षा में 2 विषयों में अनुत्तीर्ण छात्रों को ही पूरक की पात्रता दी गई है। हायर सेकंडरी के सभी विषयों की पूरक परीक्षाएं 3 जुलाई को और हाई स्कूल पूरक परीक्षा 4 जुलाई से 12 जुलाई तक सुबह 9 बजे से 12 बजे के बीच कराई जाएगी।
पुण्यतिथि... युवा कांग्रेस ने मरीजों को बांटे फल
बड़ामलहरा| पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव ग़ांधी की 27 वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को युवा कांग्रेस ने एक कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद बड़ामलहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर बीएमओ डॉ. हेमंत मरैया की मौजूदगी में सभी मरीजों को फल वितरण किया गया। इस मौके पर युवा कांग्रेसी नेता राजकुमार सिंह चौहान, जयप्रकाश डेवाडिया, अभय जैन, कमल जैन सूरजपुरा, नितिन चौधरी, इंद्र प्रताप सिंह छोटेराजा, पहलवान यादव रजपुरा आिद थे।
श्रद्धांजलि सभा...सेवा दिवस के रूप में मनाई जाएगी श्यामलाल की पुण्यतिथि: संजू पाठक
छतरपुर| ओम सरस्वती शिशु मंदिर के संस्थापक एवं संचालक रहे श्यामलाल अरजरिया की प्रथम पुण्यतिथि पर ओम सरस्वती स्कूल में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। बुंदेलखण्ड गौशाला समिति के अध्यक्ष संजू पाठक ने कहा कि श्यामलाल अरजरिया की अगली पुण्यतिथि सेवा दिवस के रूप में मनाई जाएगी। भालचंद्र नातू ने बताया कि श्यामलाल अरजरिया एक ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्हें न रहने के बाद भी याद किया जाता है। श्यामलाल अरजरिया के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अशोक राय, अवधेश द्विवेदी, कमलाकांत त्रिपाठी, विष्णुदत्त चतुर्वेदी, विनोद टिकरया, दीपक सक्सेना, आरपी अग्निहोत्री, एचएस गौतम, कमलेश राजपूत, पुष्पेंद्र सिंह, दिलीप पटैरिया, वीरेन्द्र अहिरवार, सुरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
धर्म... श्रीराम महायज्ञ के प्रारंभ में निकाली कलश यात्रा
टीकमगढ़|बड़ागांव धसान क्षेत्र के अटरिया गांव में श्रीराम महायज्ञ का अायोजन किया गया। आयोजन को लेकर पहले दिन कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा संत बब्लू महाराज व महंत भगवानदास त्यागी महाराज के सानिध्य में निकाली गई। यात्रा के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राजकुमार पाठक संत बब्लू महाराज व त्यागी बाबा सहित सभी साधु संतो का सम्मान किया।
समाज, धर्म, क्लब, एसोसिएशन, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, नर्सेज, पुलिस, शिक्षक, चैम्बर ऑफ कॉमर्स