नियमितिकरण के लिए रोजगार सहायक आज से हड़ताल पर
प्रदेश में केंद्र और राज्य शासन की सभी योजनाओंं को आम लोगों तक पहुंचाने बाले ग्राम रोजगार सहायक व सहायक सचिव मंगलवार से नियमितिकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। इनके हड़ताल पर जाने से केंद्र शासन की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, शौचालय निर्माण सहित प्रदेश सरकार द्वारा मजदूरों के हित मे चलाई जा रही असंगठित श्रमिकों का पंजीयन, सत्यापन समेत ग्रामीण विकास विभाग की पंच परमेश्वर, पेंशन, मनरेगा सहित सभी योजनाओ पर असर दिखाई देगा।
संघ के जिलाध्यक्ष चेतन अग्रवाल ने बताया कि पिछले एक साल से हमारी संगठन अध्यक्ष रोशन सिंह परमार सहित प्रदेश कार्यकारिणी प्रदेश के मुख्यमंत्री और पंचायत मंत्री से मुलाकात की। पर हर बार दोनों ने सिर्फ शीघ्र ही नियमितीकरण समेत वेतन वृद्धि का आश्वासन देकर संघ को गुमराह किया। प्रदेश के कई कर्मचारी संघों ने अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग हड़ताल की, पर रोजगार सहायकों द्वारा शासन और सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर सभी योजनाओं का क्रियान्वयन किया। इस पर प्रदेश सरकार और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मीडिया प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि पिछली 10 मार्च को पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव के क्षेत्र गढ़ाकोटा में आयोजित मेले में पंचायती राज सम्मेलन मे केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व मप्र के पंचायत मंत्री न मंच से रोजगार सहायकों के लिये शासन ने अच्छा सोच है। पर मुगावली, कोलारस उपचुनाव के कारण आचार संहिता का हवाला देकर मंच से घोषणा न करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिनों में आपके लिए बहुत अच्छा किया जाएगा। पर 2 माह बीत जाने के बाद भी शासन द्वारा ने कोई आदेश जारी नहीं किया। इसलिए हम सब को मजबूर होकर हड़ताल पर जाना पड़ रहा है। छतरपुर जिले में करीब 100 से 120 पंचायतों में रोजगार सहायकों के पास सचिवीय प्रभार होने के कारण, इन पंचायतों समेत जिले व प्रदेश की सभी 23000 पंचायतों में आज से शासन की सभी योजनाओं पर रोजगार सहायकों की हड़ताल का असर देखने को मिलेगा। जिले के 8 ब्लॉकों में रोजगार सहायकों ने अपने तहसीलदार और जनपद सीईओ को हड़ताल का ज्ञापन सौंपकर अनिश्चितकालीन आंदोलन हड़ताल कर दी है।
छतरपुर। रोजगार सहायको ने सौंपा ज्ञापन।