आदिवासियों के हितों की अनदेखी कर रही भाजपा सरकार : आप
आप ने आदिवासी क्षेत्र के अनेक ग्रामों का दौरा करके जानी हकीकत
भास्कर संवाददाता| बिजावर
आम आदमी पार्टी नेताओं ने बिजावर अनुभाग के किशनगढ़ क्षेत्र के और राजनगर क्षेत्र के अनेक आदिवासी बाहुल्य ग्रामों का दौरा किया। आप नेताओं ने आदिवासी क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं की हकीकत जानी और बुनियादी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और बुंदेलखंड जोन प्रभारी अमित भटनागर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने खासतौर से जल समस्या पर तहकीकात की। आप नेता अमित भटनागर ने उद्बोधन में कहा कि छतरपुर जिला गंभीर जल संकट की चपेट में है। अगर आदिवासी और दलित बस्तियों की बात की जाय तो स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। आप नेता ने कहा कि आदिवासी ग्राम करौंदया में प्रधानमंत्री आवास के तहत मात्र महज 4 आवास लोगों को मिले। इस योजना में 10 से 20 हजार रिश्वत लेने के बावजूद आधे आवास बनने के बाद दूसरी व तीसरी क़िस्त एक साल बाद भी नहीे मिल रही। आदिवासी समाज वैसे ही पीछे है, ऊपर से उनके लिए चलने वाली हर योजना उन्हें लाभ पहुंचाने के जगह भ्रष्ट नेता, अधिकारियों के निज स्वार्थ की पूर्ति मात्र का साधन बन गई हैं।
70 साल के बाद भी आदिवासियों का स्तर नहींं सुधरा: आप नेता ने कहा कि यह सरकार का नाकारापन ही तो है कि वह 70 साल की आजादी के बाद भी आदिवासी समाज के जीवन स्तर को बिल्कुल भी नहीं उठा पाए। हद तो यह हो गई कि सरकार आदिवासियों को पीने का पानी तक मुहैय्या नही करा पा रही है। गंभीर जल संकट के साथ ही लोगों लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है। खाद्यान्न, सामाजिक सुरक्षा, बीपीएल के लोगों को बिजली बिलों में सब्सिडी तक नहीं मिल रही, जबकि एक बत्ती कनेक्शन में बिना रीडिंग लिए मनमाने बिल थमाए जा रहे हैं।