हत्यारों को जब तक न्याय नहीं मिलेगा शांत नहीं बैठेंगे: गुर्जर
मंदसौर गोली कांड में मारे गए किसानों के अस्थि कलश यात्रा लेकर मप्र किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर छतरपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई जगह पर सभाएं की और किसानों को न्याय दिलाने को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदसौर गोलीकांड में मारे गए किसानों और उनके परिवारों को जब तक न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस और उसके सभी कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेगा।
किसान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर पूरे प्रदेश में मंदसौर गोलीकांड में मारे गए किसानों की अस्थियों के कलश लेकर यात्रा पर निकले हैं। किसान कलश यात्रा मंगलवार को निवाड़ी से नौगांव होते हुए छतरपुर जिले की सीमा में पहुंची। जहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किसान इस यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यालय छतरपुर में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष गुर्जर ने कृषि उपज मंडी छतरपुर का भ्रमण किया गया और किसानों की समस्याओं को सुना।
इसके बाद देवगांव में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष गुर्जर ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार के हाथ किसानों के खून से रंगे हैं। मंदसौर में निर्दोश किसानों की हत्या का जो महापाप इस सरकार ने किया है, उसको धोने का काम किसानों को ही करना होगा। पूर्व विधायक शंकरप्रताप सिंह मुन्ना राजा की ओर से आयोजित इस सभा में एआईसीसी के सचिव और प्रदेश प्रभारी संजय कपूर ने कहा कि मंदसौर में प्रदेश सरकार द्वारा निर्दोश किसानों की हत्या और टीकमगढ़ में किसानों के कपड़े उतरवाकर जो उनके आत्म सम्मान को ठेस पहुंचाई गई। वह केवल उन किसानों की हत्या या आत्मसम्मान की हत्या नहीं है। बल्कि संपूर्ण प्रदेश के किसानों के आत्म सम्मान और स्वाभिमान की हत्या है। जिसके लिए प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान को कतई माफ नहीं किया जा सकता।
पूर्व विधायक मुन्ना राजा ने भी संबोधित किया और कहा कि आज समाज में यदि कोई वर्ग सबसे ज्यादा परेशान है वह किसान है। भाजपा की सरकार ने किसानों के साथ जो धोखा किया है, वह भारतीय राजनीति के इतिहास का काला अध्याय है। इस सभा को जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सिद्धार्थ शंकर बुंदेला, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष महाप्रसाद पटेल, कमेटी के महामंत्री राजकपूर तिवारी ने संबोधित किया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन लखन दुबे जिला महामंत्री ने किया। मप्र किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप पटेल, इंद्रपाल यादव, लक्ष्मण यादव, राजबहादुर सिंह, महेंद्र राय, अरविंद सिंह, पंकज गुप्ता, सौरभ भटनागर, जमाल खां, पुष्पेंद्र सिंह, लखन तिवारी, गौरव सिंह बधेल, बृजकिशोर पाण्डेय, आजातशत्रु सिंह, लोकेंद्र वर्मा, अरविंद रावत, मोतीलाल शुक्ला, कुंजी पांडेय, विशाल शर्मा, जीतेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, छोटू सिंह, अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंदसौर गोलीकांड में मारे गए किसानों के अस्थि कलश यात्रा पहुंची छतरपुर
छतरपुर। किसान अस्थि यात्रा पहुंची छतरपुर।