- Hindi News
- National
- चलो पंचायत की ओर कार्यक्रम में शामिल हुए जिले भर के विधायक और पार्टी पदाधिकारी
चलो पंचायत की ओर कार्यक्रम में शामिल हुए जिले भर के विधायक और पार्टी पदाधिकारी
भाजपा द्वारा सोमवार को पूरे प्रदेश में सहित जिले भर में चलो पंचायत की ओर कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत छतरपुर जिले की सभी पंचायतों में हितग्राही सम्मेलन आयोजित किए गए। राजनगर विधानसभा की ग्राम पंचायत खजुवा में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, चंद्रनगर व बमीठा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, लवकुशगनर मंडल के अटकोंहा में उप्र के कृषि राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धन्नी सिंह, बकस्वाहा मंडल के सुनवाहा में सांसद और राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य भाजपा प्रहलाद पटेल, बंधीकलां और बृजपुरा में प्रदेश की राज्यमंत्री ललिता यादव, महेबा में भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
मीडिया प्रभारी अरविंद बुंदेला ने बताया कि बिजावर विधायक पुष्पेंद्र नाथ पाठक ईशानगर, मानवेंद्र सिंह इमलिया, रेखा यादव प्रतापपुरा, आरडी प्रजापति गौरिहार, पूर्व सांसद जीतेंद्र सिंह बुंदेला पहरापुरवा में शामिल हुए। मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, सह संयोजक, जिला पंचायत, जनपद पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, वरिष्ठजन अध्यक्ष, नगर पालिका, नगर परिषद सहित सभी जनप्रतिनिधि अौर पार्टी के पदाधिकारी पंचायतों में पहुंचे।
इस कार्यक्रम के जिला प्रभारी जयराम चतुर्वेदी बरकौंहा, बृजपुरा और कदानी में शामिल हुए। अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर ध्वजारोहण किया। ग्राम में ढोल नगाड़ों के साथ संपर्क किया और हितग्राहियों को संबोधित करने के बाद उनका सम्मान किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के पत्र का वाचन किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं के बारे कहा कि मप्र में सड़कों का जाल, घरों मे भरपूर बिजली, सिंचाई की व्यवस्था, गांव और शहरों का विकास, शिक्षा व स्वास्थ्य की व्यवस्था में सुधार के साथ आमजन के कल्याण की कई योजनाएं भाजपा सरकार ने चलाई हैं। साथ ही गरीब बहनों और भाईयों को सरकार ने एक रुपए किलो गेहूं, चावल, नमक दे रही है।
कांग्रेस की सरकार किसानों के दिए कर्ज पर 18 प्रतिशत ब्याज वसूलती थी। भाजपा सरकार ने 0 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिया। किसानों को पिछले साल समर्थन मूल्य पर बैचे गेहूं पर 200 रुपए प्रति क्विंटल दिया। अब 10 जून को किसान समृद्धि योजना के तहत 265 रुपए प्रति क्विंटल फिर से किसान के खाते में डाला जाएंगा।
मुख्यमंत्री कल्याण योजना में हर मजदूर गरीब को रहने की जमीन का पट्टा, पक्के मकान दिए जाएंगे। महिलाओं को सरकार ने स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया है। नौकरी में भी बेटियों को 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है।