सिविल लाईन क्षेत्र के देरी रोड बीड़ी कालौनी की रहने वाली एक गर्भवती दलित महिला ने पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर को आवेदन देकर मुहल्ले के ही लोगों द्वारा घर में घुस कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस मारपीट में महिला के गर्भ में पल रहे भ्रूण को चोट पहुंची है। महिला ने इसके पीछे ओरछा रोड थाना में पदस्थ ड्राइवर अयूब का हाथ होने का आरोप लगाया है।
बीड़ी कालौनी निवासी महिला मन्नू पति अनिल कुमार अनुरागी ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बताया कि पुलिस ड्राइवर अयूब की शह पर मुहल्ले की कपूरी नाम की महिला ने कई लोगों की जमीन व मकान पर अवैध कब्जा कर लिया है। वह आए दिन लोगों को मकान खाली करवाने की धमकी देते हैं। जब हमने विरोध किया तो एक दिन कपूरी अाैर उसके लड़कों विजय एवं संजू ने घर में घुस कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट के बाद मन्नू के पेट में दर्द हुआ तो उसे अल्ट्रासाउंड कराया, जिसमें उसके पेट में पल रहे भ्रूण को चोट लगना बताया गया। आरोपी गण पुलिस ड्राइवर अयूब की शह पर गुंडागर्दी कर रहे हैं। अयूब के कारण उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। मन्नू ने पुलिस अधीक्षक, सीएम हेल्पलाईन में शिकायत कर ड्राइवर अयूब के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।