कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को कलेक्टर रमेश भंडारी की अध्यक्षता में नेहरू युवा केंद्र छतरपुर की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण, कृषि विकास, स्वास्थ्य (टीकाकरण) एवं शिक्षा मिशन जैसे सामाजिक मुद्दों पर जनमानस के बीच जनजागरण के लिए युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए चर्चा की गई।
इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक अरविंद सिंह यादव ने बताया कि स्वयं सेवकों द्वारा आगामी दिनों में जल संरक्षण कार्य के तहत कुआं, बावड़ी का गहरीकरण एवं साफ-सफाई, घरों में भू-जल संग्रहण तथा खेतों में मेड़बंदी के द्वारा आमजन को पानी सहेजने के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसी तरह मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, नवजात शिशुओं तथा 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों के टीकाकरण के लिए आमजन को जागरूक करने का कार्य नेहरू युवा केंद्र के स्वयं सेवक करेंगे। नेहरू युवा केंद्र द्वारा स्वच्छ भारत समर इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत आगामी 30 जुलाई तक जागरूकता अभियान, घर-घर जाकर संपर्क, नारा लेखन, नुक्कड़ नाटक, रैली, हाथ धुलाई, सूखा-गीला कचरा प्रबंधन, शौचालय निर्माण एवं इसके उपयोग के बारे में जागरूक करने का कार्य भी किया जाएगा। बैठक के अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि नीति आयोग द्वारा पिछले दिनों जिले को पिछड़े जिलों की श्रेणी में शामिल किया गया था। इसका मुख्य कारण आधारभूत सुविधाओं की मौजूदगी होने के बावजूद आमजनों द्वारा जागरूकता की कमी के कारण सुविधाओं के लाभ से वंचित रहना था। इसलिए नेहरू युवा केंद्र के स्वयं सेवक इसमें बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज किसान पानी की कमी के कारण फसल की उचित उपज नहीं ले पाते हैं। इसलिए भू-जल संग्रहण की आवश्यकता है।
समीक्षा
कलेक्टर रमेश भंडारी की अध्यक्षता में नेहरू युवा केंद्र छतरपुर की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई
हमें कार्य योजना बनाकर कार्य करने की आवश्यकता
इसी तरह सामाजिक उत्तरदायित्व की कमी होने से 6 से 14 वर्ष आयु के बच्चों का स्कूलों में प्रवेश होने के बावजूद उपस्थिति नगण्य रहती है। इसके लिए हमें कार्य योजना बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता का अभाव, कुपोषण, अगली कक्षा में बच्चों की ड्राप आउट संख्या ज्यादा होना भी समाज के लिए चिंता का विषय है। इसलिए स्वयं सेवक चुनौती का सामना करने में सक्षम बनें। उन्होंने स्वयं सेवकों से शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन सही तरीके से कराने का आव्हवान किया। बैठक के अवसर पर सीएमएचओ डाॅ. वीएस बाजपेयी, उपसंचालक सामाजिक न्याय विजय कुमार तिर्की, सहायक संचालक शिक्षा जेएन चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय जैन सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों की मौजूदगी रही।
पेंशनर्स ने मुख्यमंत्री का किया सम्मान
छतरपुर। पेंशनर्स एसोसिएशन की मांग पर प्रदेश के सभी पेंशनरों को मुख्यमंत्री द्वारा सातवें वेतनमान का लाभ दिलाए जाने और चिकित्सा सहायता स्वीकृत करने और पेंशन का एरियर दिलाने की मांग स्वीकृत किए जाने के उपलक्ष्य मे जिला पेन्शनर एसोसिएशन के अध्यक्ष देव सिंह राजपूत, संरक्षक डीडी तिवारी, मीडिया प्रभारी शंकर सोनी, राकेश शर्मा, जीएस खरे, रामकिशोर गुप्ता, केएन सोमन ने खजुराहो पहुंचकर मुख्यमंत्री को मंच पर माल्यार्पण, साल श्रीफल और गीता भेंट कर सम्मानित किया।