छतरपुर जिले के बकस्वाहा जनपद अंतर्गत संकुल बम्होरी के शासकीय प्राथमिक शाला खमरिया में पदस्थ शिक्षक दिनेश कुमार बिल्थरे निवासी बमोरी ने शासन को गुमराह कर जिन दिनांकों में स्कूल में अपनी उपस्थिति दिखाई। उन्हीं दिनांकों में उन्होंने कोर्ट जाना भी दर्शाया है।
अपर सत्र न्यायाधीश और जिला सत्र न्यायाधीश द्वारा कर्मचारी को दोषी करार दिए जाने वाली तिथियों में कर्मचारी न्यायालय के समक्ष उपस्थित अपने फैसले की प्रति प्राप्त कर रहा है और यहां विद्यालय में उपस्थित रहकर शिक्षण कार्य सुचारु रुप से संपन्न करा रहा है, जिसकी शिकायत गांव के कमलेश कुमार नामदेव और संजय कुमार नामदेव द्वारा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार रिकॉर्ड सहित दर्ज कराई गई। लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से न लेते हुए कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि शिकायतकर्ता द्वारा पूरे दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं।
मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी और अधिकारियों पर कड़ी से कार्रवाई की मांग शिकायतकर्ता द्वारा की गई है। शिकायत में बताया गया है कि कर्मचारी शिक्षक दिनेश कुमार पर थाना बक्सवाहा में कई संगीन धाराओं पर केस दर्ज हैं, जिसमें धारा 354 जैसे संगीन धाराएं भी सम्मिलित हैं।
अभी वर्तमान में कर्मचारी ग्राम पंचायत खमरिया के लोगों द्वारा की गई शिकायत शराब पीकर विद्यालय आने की जांच कर दोषी पाए जाने पर निलंबित चल रहा है, जबकि विभाग के कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने उसे विद्यालय में शराब पीकर दोषी पाया जाना भी पाया गया था लेकिन विभाग द्वारा कराई गई जांच में कर्मचारी की अनियमित्ता एवं उस में लिप्त कई अधिकारियों के फसने के कारण उसकी जांच को बंद कर दिया गया।