पंच परमेश्वर मद की राशि का दुरुपयोग सरपंच सहित रोजगार सहायक ने किया
भास्कर संवाददाता। छतरपुर
नौगांव जनपद पंचायत के खुर्दा पंचायत में सरपंच और रोजगार सहायक की मिली भगत से पंचायत कार्यो का निर्वाहन मनमाने ढंग से किया जा रहा है। इस बात की शिकायत ग्रामीणों ने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से की, लेकिन अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मनरेगा सहित पंच परमेश्वर मद की राशि का भारी दुरुपयोग सरपंच सहित रोजगार सहायक द्वारा किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में हो रहे कार्यो में सरपंच और रोजगार सहायक गौरव घोष के द्वारा खुलेआम भ्रष्टाचार किया जा रहा है। कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की गई है। शिकायत में जांच में दोषी पाए गए रोजगार सहायक को सिर्फ आफिस अटैच कर दिया गया। यहां तक कि जनपद पंचायत नौगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा पंचायत के फर्जी भुगतान के लिए पंचायत में दो दिन के लिए दोबारा पदस्थ करके लाखों रुपए के भुगतान कर दिए गए। पंचायत में पदस्थ सचिव सुरेश शिवहरे को वित्तीय अधिकार नहीं दिए गए है। रोजगार सहायक गौरव घोष सरपंच का पुत्र है, जिसके चलते पदस्थी और अटैच का आदेश सूचना के अधिकार के तहत मांगा गया, लेकिन पंचायत समन्वय अधिकारी नाैगांव सुजीत वर्मा द्वारा आदेश नहीं दिया जा रहा है। नौगांव जपं के सभी कार्य एक प्रकार से पीसीआे सुजीत वर्मा ही देखते है, उनके इशारे पर ही यहां कार्य होते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाए हैं कि पंचायत में हो रही गड़बड़ी में सरपंच वैदेही घोष, गौरव घोष और सुजीत वर्मा शामिल है।