- Hindi News
- National
- मंत्री से रिश्तेदारी ने ली श्रीमन शुक्ला की कलेक्टरी, दीपक सिंह धार के नए कलेक्टर बने
मंत्री से रिश्तेदारी ने ली श्रीमन शुक्ला की कलेक्टरी, दीपक सिंह धार के नए कलेक्टर बने
मंत्री नरोत्तम मिश्रा से रिश्तेदारी के कारण धार कलेक्टर श्रीमन शुक्ला की कलेक्टरी चली गई। दीपक सिंह को बुरहानपुर से धार भेजा गया है। शुक्ला अब खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति संचालक होंगे। वहीं, नीति आयोग की रिपोर्ट में पिछड़े मप्र के आठ जिलों में से एक गुना के कलेक्टर राजेश कुमार जैन को राज्य सरकार ने हटा दिया है। उनकी जगह मप्र कैडर के 2011 बैच के आईएएस अधिकारी बी विजय दत्ता को जिले की कमान सौंपी गई है। जैन दो साल से अधिक गुना कलेक्टर रहे और 24 अप्रैल को मंडला में प्रधानमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में उन्हें जाना था, लेकिन अब दत्ता बैठक में जाएंगे। रविवार अवकाश के दिन आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी हुई। शेष | पेज 4 पर
शुक्ला को लेकर बताया जा रहा है कि आने वाले चुनावों के दौरान निर्वाचन आयोग इसे संज्ञान में लेता, उससे पहले ही शुक्ला को हटाकर संचालक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति बनाया गया है। विवेक पोरवाल को ट्राइफेक में एमडी बनाए जाने का फैसला दो माह पहले ही ले लिया गया था, लेकिन अब जाकर आदेश निकले। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि बुरहानपुर कलेक्टर दीपक सिंह को जबलपुर भेजे जाने के बारे में विचार था, मगर सरकार ने उन्हें धार जिला सौंप दिया। गुना कलेक्टर के हटने से साफ है कि एक-दो सप्ताह में आने वाली बड़ी सूची में शेष सात पिछड़े जिलों (राजगढ़, छतरपुर, खंडवा, विदिशा, बड़वानी, सिंगरौली और दमोह) के कलेक्टर भी बदले जा सकते हैं।
- सूची इस प्रकार है
नाम वर्तमान पदस्थापना नवीन पदस्थापना
विवेक पोरवाल आयुक्त, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एमडी, ट्राइफेक
राजेश कुमार जैन कलेक्टर, गुना अपर सचिव, शासन
श्रीमन शुक्ला कलेक्टर, धार संचालक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
दीपक सिंह कलेक्टर, बुरहानपुर कलेक्टर, धार
सत्येंद्र सिंह एमडी, एकेवीएन, ग्वालियर कलेक्टर, बुरहानपुर
बी. विजयदत्ता उप सचिव, पीडब्ल्यूडी कलेक्टर, गुना
- विवेक पोरवाल के कार्यभार ग्रहण करने के बाद वर्तमान एमडी डीपी आहुजा ट्राइफेक के प्रभार से मुक्त होंगे।
धार, बुरहानपुर और गुना के कलेक्टर बदले