पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 30 जून तक बनकर तैयार हो जाएगा बानसुजारा बांध, 75 हजार हेक्टेयर भूमि हो सकेगी सिंचित

30 जून तक बनकर तैयार हो जाएगा बानसुजारा बांध, 75 हजार हेक्टेयर भूमि हो सकेगी सिंचित

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पिछले तीन सालों से सूखे की मार झेल रहे किसानों को जल्दी ही राहत मिलेगी। जिले में धसान नदी पर बन रहे बानसुजारा बांध कंपलीट होने से टीकमगढ़ जिले की करीब 75 हजार हेक्टेयर भूमि में रबी सीजन की सिंचाई हो सकेगी। इस साल कम बारिश होने से मात्र 1 लाख हेक्टेयर में रबी सीजन की बोवनी हो पाई थी, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 2 लाख हेक्टेयर से अधिक था। बानसुजारा बांध परियोजना के अधिकारियों का कहना है कि इस साल जून के अंत तक यह परियोजना बनकर तैयार हो जाएगी।

बल्देवगढ़ तहसील क्षेत्र में बन रही बानसुजारा वृहद सिंचाई परियोजना के पूरा होने पर इस जिले की पांच तहसीलों के 184 गांवों के किसानों की तस्वीर बदलेगी। बानसुजारा वृहद सिंचाई परियोजना के तहत एक बड़ा बांध धसान नदी पर छतरपुर जिले के ग्राम बान और टीकमगढ़ जिले के ग्राम सुजारा के बीच बन रहा है। जिसकी कुल लंबाई 2,500 मीटर है।

इस बांध में 324 मीटर कंक्रीट का बांध और पहाड़ों को जोड़ने के लिए 1,125 मीटर मिटटी का बांध बनाया गया है। नदी तल से बांध की अधिकतम ऊंचाई 33.50 मीटर है। बांध में 13.50 व 13.25 मीटर के 12 गेट लगाए जा रहे हैं। बांध का जल संग्रहण क्षेत्र 3332 वर्ग किलोमीटर है। बांध की जीवित जलभराव क्षमता 272.80 मिलियन घन मीटर है। इस वृहद परियोजना से टीकमगढ़ जिले की 75,102 हेक्टेयर भूमि में रबी सिंचाई होगी।

1768 करोड़ की

लागत से तैयार हो रही

परियोजना

बानसुजारा डैम के कार्यपालन यंत्री अनिल दीक्षित ने बताया कि इस वृहद परियोजना की कुल लागत 1768.50 करोड़ रुपए है। बानसुजारा परियोजना के तहत बांध का केव्हीआरपीईएस प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद द्वारा किया जा रहा है। दीक्षित के अनुसार इस डेम की 2.5 मीटर ऊंचाई को और बढ़ाया गया है। जिससे जल भराव की क्षमता बढ़ सके। उन्होंने बताया कि बांध की लागत 162 करोड रुपए है जिसमें से 120 करोड़ रुपए का काम हो चुका है। इस प्रकार कुल 166000 घनमीटर कांक्रीट कार्य के साथ 85 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। बांध का पूरा काम 30 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

किस तहसील को कितना लाभ

बांध कंपलीट हो जाने के बाद बल्देवगढ़ तहसील के 23 गांवों के 8081 हेक्टेयर, खरगापुर तहसील के 56 गांवों के 23,704 हेक्टेयर, पलेरा तहसील के 83 गांवों के 34,928 हेक्टेयर, जतारा तहसील के 16 गांवों के 6632 हेक्टेयर एवं लिधौरा तहसील के 6 गांवों के 1818 हेक्टेयर भू-रकबे में सिंचाई सुविधा मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि बानसुजारा वृहद सिंचाई परियोजना के तहत निर्माणाधीन उच्चदाब सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के तहत वर्ष 2018 में लगभग 53,000 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई प्रणाली विकसित कर रबी फसलों की सिंचाई करने का लक्ष्य होगा।

खबरें और भी हैं...