युवक को बचाने पर गांव के तीन बदमाशों ने वृद्ध को लाठियों से पीटा
बमीठा थाना क्षेत्र के परगुवां गांव में कुछ दबंग युवक मुहल्ले के युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। युवक को मारपीट से बचाने के लिए मुहल्ले का 55 वर्षीय वृद्ध पहुंचा और उसे बचाने लगा। इस बात से नाराज युवकों ने वृद्ध के साथ लाठियों से मारपीट कर घायल कर दिया। इस मारपीट से वृद्ध को सिर सहित पूरे शरीर में चोट आने पर थाना पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार परगुवां गांव का रवि सिंह, उनदी सिंह और अरविंद सिंह गांव के बल्लू रैकवार के साथ मारपीट कर रहे थे। बल्लू के साथ हो रही मारपीट के दौरान गांव का गोरेलाल पिता दलुआ रैकवार उम्र 55 वर्ष उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंच गया।
वृद्ध और तीनों युवकों को उलझा देख बल्लू मौका देखकर वहां से भाग खड़ा हुआ। उसके भागने से नाराज इन तीनों युवकों ने वृद्ध गोरेलाल के साथ लाठियों से मारपीट कर घायल कर दिया। इस मारपीट से वृद्ध को हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोट आने पर थाना पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी केके खनेजा ने बताया कि वृद्ध के बयानों के आधार पर गांव के तीनों युवकों पर मारपीट का मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।