ट्रक ड्राइवर भागा, केबिन में फंसा क्लीनर
बॉडी फटने के बाद पलटा
भास्कर संवाददाता | दमोह/टीकमगढ़
दमोह जिले से खरीदी केंद्रों का टीकमगढ़ भेजा जा रहा सरकारी चने से भरा एक ट्रक गुरुवार शाम घुवारा के आगे पलट गया। जिससे ट्रक के केबिन में फंसे क्लीनर की जान खतरे में पड़ गई। क्लीनर को केबिन से निकालने के लिए जेसीबी की मदद से पुलिस द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर जान बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर जाम लगने जैसे हालात बन गए जिससे वहां लोगों की भीड़ लगी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शाम करीब 6 बजे दमोह से टीकमगढ़ की ओर जा रहे चना के बोरों से भरा ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 3730 सेवार गुलाही पुलिया के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। लोगों का कहना है ओवरलोड ट्रक की कंडम बाडी चना के बोरों का अतिरिक्त भार सहन नहीं कर पाई और ट्रक पुलिया के पास गिर गया।
छतरपुर जिले के बमनौरा थाना अंतर्गत सेवार गुलाही के पास इस दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया जो कि नशे में धुत बताया जा रहा है और परिचालक बुरी तरह से फंसा हुआ रहा जिसे जेसीबी मशीनों की सहायता से निकाला गया। बमनोरा पुलिस बचाव कार्य में जुटी रही।
आपको बता दें कि दमोह जिले में सरकारी चना खरीदी के बाद इसका परिवहन टीकमगढ़ के लिए किया जा रहा है। जिसमें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त ठेकेदारों द्वारा परिवहन में लापरवाही की जा रही है। परिवहन में कंडम ट्रकों को ओवरलोड करके शराबी चालकों के हवाले किया जा रहा है। जिससे आगे भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।