छुरिया.बाजार क्षेत्र में कलेक्टर के आदेश के बाद फिर से बोर खनन हो रहा है।
भास्कर न्यूज | छुरिया
जिला कलेक्टर भीम सिंह शनिवार को छुरिया प्रवास पर पहुंचे। दुकानदारों ने भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या की ओर ध्यानाकर्षण कराया था। नागरिकों ने उन्हें बताया कि पुराने बस स्टैंड में स्थित हैंडपंप का जलस्तर गिर जाने से बोर सूख चुका है जिससे दुकानदारों को पेयजल की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है।
इस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग एवं नगर पंचायत को बोर खनन करने निर्देशित किया था। इसके बाद रविवार को पीएचई विभाग द्वारा पुराने बस स्टैंड में बोर खनन किया गया। खनन से पर्याप्त मात्रा में पानी निकलते ही वहां उपस्थित दुकानदारों ने राहत महसूस की।
व्यवसायियों ने जिला कलेक्टर का धन्यवाद ज्ञापित किया है और कहा कि इतनी भीषण गर्मी में अब उन्हें पानी की समस्या से निजात मिल सकेगी। धन्यवाद ज्ञापित करने वालों में माखन सेन, प्यारी ठाकुर, देवकुमार, युसुफ खान, यशवंत कुंभकार, चिंता सिन्हा, रामबिलास साहू, नरेश निषाद सहित समस्त दुकानदार शामिल हैं।