सूखा राहत, फसल बीमा एवं अन्य मुद्दों में किसानों को धोखा दिए जाने को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय किसान सभा का आयोजन रविवार को साप्ताहिक बाजार के दिन किया था। इस किसान सभा में मंच के आगे रखी कुर्सियां शुरू से लेकर कार्यक्रम के अंत तक खाली पड़ी रही।
वहीं कांग्रेस वक्ताओं ने बाजार में पहुंचे ग्रामीणों एवं किसानों से खाली कुर्सी में बैठने की अपील करते रहे फिर भी किसान सभा में कुर्सियां खाली रही और कांग्रेस वक्ताओं की बात सुनने भीड़ भी नहीं जुट पाए। अंत में कांग्रेस नेताओं ने खाली कुर्सी के सामने भाजपा सरकार पर वादा खिलाफी एवं किसानों के मुद्दों पर भाषण देते नजर आए। ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। किसान सभा के माध्यम से प्रमुख रूप से लगातार 14 वर्षों से किसानों के साथ झूठ एवं छल को लेकर भाजपा सरकार द्वारा किये गये वादा खिलाफी की चर्चा करना था। भाजपा सरकार की नाकामी को लेकर विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया जाना था। लेकिन इस किसान सभा में कांग्रेस पार्टी को क्षेत्र के किसानों का समर्थन नहीं मिल सका और कांग्रेस के वक्ता खाली कुर्सी के सामने भाजपा सरकार को कोसते नजर आए। किसान सभा में ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष चुम्मन साहू, प्रदेश प्रतिनिधि अलाली राम यादव, सिद्धिक मेमन, विपिन यादव, जिपं सदस्य छन्नी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा, पुष्पा सिन्हा, रितेश जैन आदि मौजूद रहे।
छुरिया. किसान सभा में मंच पर जुटे कांग्रेस के पदाधिकारी। कुर्सिंयां रही खाली।
यह कमीशनखोरी की सरकार है: नवाज खान
किसान सभा में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि खुज्जी विधानसभा में लगातार दो साल तक अकाल पड़ा। फिर भी सीएम डाॅ. रमन सिंह किसानों की सुध नहीं ले रहे हैं। करोड़ों रुपए विकास यात्रा के नाम पर खर्च किया जा रहा है। ये भाजपा सरकार केवल कमीशनखोरी की सरकार है । सूखा राहत एवं फसल बीमा में किसानों के साथ छल किया जा रहा है।