छुरिया| नीचे मंदिर में स्थित शनि देव मंदिर में भौम अमावस्या एवं शनि जयंती धूमधाम के साथ मनाया गया। जयंती के अवसर पर भक्तजनों का सुबह से शनिदेव मंदिर में तांता लगा रहा। जहां भक्तों ने आराधना एवं भक्ति के साथ मंदिर में तिल, गुड़, सरसों तेल, काले कपड़े का चढ़ावा कर अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए आराधना की। शनि जयंती पर शनिदेव मंदिर में सुबह से विधि विधान के साथ महाआरती कर हवन यज्ञ का पाठ किया गया। पंडित दिग्विजय शर्मा द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ शनिदेव की पूजा अर्चना की गई। दोपहर हवन में भक्तजनों ने आहुति देकर शनिदेव की आराधना की। मंदिर के संस्थापक कृष्णा प्रसाद तिवारी एवं यशवंत तिवारी, यावेन्द्र तिवारी ने शनि जयंती पर परसादी वितरण कर विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया।