चिचोली। जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक हुई।
भास्कर संवाददाता |चिचोली
जनपद पंचायत चिचोली के नवनिर्मित बीआरसी सभाकक्ष में सामान्य सभा की बैठक हुई। इसमें जनपद पंचायत की भूमि अौर सड़क किनारे का अतिक्रमण हटाने और काम नहीं करने वाले सचिवों पर कार्रवाई करने का निर्णय हुआ। बैठक में जनपद अध्यक्ष चिरोंजीलाल कवड़े की अध्यक्षता और उपाध्यक्ष शंकरराव चढ़ोकार, जनपद सदस्य कांतिलाल यादव, नीतेश वटके, डोमासिंग कुमरे, मिश्रीलाल धुर्वे, संगीता उइके, सुशीला सलामे, शिवप्यारी कहार, सरोज कलमे, लक्ष्मी पंडोले अौर गीता उइके और विभागीय अधिकारी उपस्थिति थे। अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत निधि के काम ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव 20 मई तक शुरू नहीं करते हैं तो उक्त कार्यों को विभागीय एजेंसी से करवाया जाएगा। संबधित सरपंच, सचिवों के विरूद्ध काम में देरी करने और सरकारी काम में रुचि नहीं लेने की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर शिक्षा, बिजली, पीएचई, कृषि, उद्यानिकी, लोकनिर्माण, महिला बालविकास और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गांवों में पानी के संकट से निपटने, हैंडपंपों में अतिरिक्त पाइप डालने, किसानों के खेतों मे स्वयं की प्रेरणा, रूचि और राशि से पानी रोकने के लिए खेतों में तालाबों का निर्माण करने कार्यशाला बुलाने की चर्चा भी हुई।