बैंक में पैसा जमा कराने जा रहे सेवानिवृत्त एडीईओ से पता पूछने के बहाने 3 युवकों ने 2 लाख रु. लूटे
भास्कर न्यूज | चिड़ावा (झुंझुनूं)
बैंक में रुपए जमा कराने जा रहे सेवानिवृत्त एडीईओ एवं पेंशनर समाज के चिड़ावा ब्लॉक अध्यक्ष हरनाथ सिंह चौधरी से पंचायत समिति मार्केट के पास बुधवार सुबह 11 बजे बाइक सवार तीन युवक पता पूछने के बहाने दो लाख रुपए लूट कर ले गए। चौधरी ये रुपए चौधरी कॉलोनी निवासी अपने परिचित रिसाल सिंह के घर से लेकर बड़ौदा राजस्थान ग्रामीण बैंक में जमा करवाने जा रहे थे। लूट की वारदात काली स्पोर्ट्स बाइक सवार तीन युवकों ने की। लुटेरे स्कूटी से बैंक जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी का पीछा कर रहे थे।
लूट के बाद चौधरी ने स्कूटी से लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन वे भाग गए। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कराई है। सीसीटीवी कैमरों से फुटेज के आधार पर तलाश की जा रही है। चौधरी ने अपने परिचित के घर से दो लाख रुपए थैली में रख कर स्कूटी की डिक्की में रखे थे। वे बैंक जा रहे तो काली बाइक पर सवार तीन युवकों ने पीछा किया। पंचायत समिति मार्केट में बैंक के नीचे स्कूटी रोकी तो बाइक सवार एक युवक ने उनसे किसी रणधीर पीटीआई के मकान का पता पूछा। उन्होंने नहीं जानने की बात कह कर डिक्की से रुपयों की थैली निकाल ली। बाइक पर सवार एक युवक ने उनके हाथ से थैली छीन ली जिसमें पांच-पांच सौ रुपए के नोटों की चार गडि्डयां थीं। लुटेरे रुपए लेकर बाइक से भाग गए। अचानक हुई वारदात से हतप्रभ हरनाथ सिंह ने युवकों को पकड़ना चाहा तो बीच में एक अन्य बाइक आ गई। इसके बाद उन्होंने अपनी स्कूटी से बाइक सवार लुटेरों का कबूतरखाना तक पीछा भी किया, लेकिन वे नजर नहीं आए। उन्होंने कबूतरखाना स्टैंड पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और अपने बेटे नारी के सरपंच नरेंद्र चौधरी को फोन कर लूट की जानकारी दी। इसी दौरान वहां आए पुलिस गश्ती दल ने भी घटना की जानकारी लेकर नाकाबंदी करवा कर लुटेरों को मुख्य मार्गों पर तलाशा, लेकिन उनका पता नहीं चला।
हरनाथ सिंह
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई लुटेरों की फुटेज, काली स्पोर्ट्स बाइक पर आए थे
सीसीटीवी में रिकॉर्ड बाइक सवार तीन युवक (लाल घेरे में)।
कस्बे की अति व्यस्त स्टेशन रोड स्थित पंचायत समिति मार्केट के पास दिन दहाड़े दो लाख रुपए लूटने की घटना के बाद पुलिस दिनभर भागदौड़ करती नजर आई। मार्केट के दुकानदारों को भी घटना की जानकारी तब लगी जब दोपहर में डीएसपी सौरभ तिवाड़ी, थानाधिकारी रामप्रताप चारण व शिक्षा अधिकारी हरनाथ सिंह के बेटे सरपंच नरेंद्र चौधरी मामले की जानकारी लेने मौके पर आए। इलाके के दुकानदारों और बैंककर्मियों ने पुलिस को घटना के बाद किसी प्रकार का कोई हो-हल्ला नहीं सुनने की जानकारी दी। पुलिस ने संबंधित क्षेत्र की दुकानों सहित कबूतरखाना स्टैंड व अन्य सड़कों पर लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज देखी। दो-तीन दुकानों पर लगे कैमरों की फुटेज में स्कूटी सवार हरनाथ सिंह के पीछे बाइक पर तीन युवक दिखाई दिए। बाइक सवार युवकों में से चालक ने हेलमेट पहन रखा था।