दैनिक भास्कर के चिड़ावा, सिंघाना, पिलानी सहित विभिन्न क्षेत्रों के जल मित्रों ने रविवार को आयोजित बैठक में जल बचाने का संकल्प किया। इन जल मित्रों ने शपथ ली कि वे कहीं भी पानी का दुरुपयोग होते देखेंगे तो उसे रोकने का जतन करेंगे। लोगों को जल बचाने के लिए भी प्रेरित करेंगे। अपने समूहों में इस बारे में बातचीत कर भास्कर के इस अभियान को जन अभियान बनाएंगे।
श्रीरामकृष्ण-जयदयाल डालमिया सेवा संस्थान के स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में आयोजित बैठक में संस्थान के जल समन्वयक संजय शर्मा, फील्ड सुपरवाइजर अनिल कुल्हार और बलवान सिंह ने जल प्रबंधन और वर्षा-भूजल संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयासों से इस अभियान में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। इलाके का विकास और व्यक्तिगत संपन्नता जल के बिना किसी भी काम की नहीं है। उन्होंने खेतड़ी-बुहाना क्षेत्र के बाद चिड़ावा इलाके में भी तेजी से गिरते भू-जल स्तर की जानकारी दी। जल मित्रों ने दैनिक भास्कर की क्षेत्रवार जल मित्र वाहिनी गठित करने का सुझाव भी दिया।
चिड़ावा क्षेत्र के जल मित्रों ने पानी बचाने का संकल्प लिया, कहा-पानी के बिना इलाके का विकास और व्यक्तिगत संपन्नता संभव नहीं
पौधे लगाते जल मित्र।
जल मित्रों ने स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में पौधे भी लगाए
बैठक में पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के जरिए जल मित्र अभियान को लेकर दैनिक भास्कर द्वारा पानी बचाने की मुहिम तथा प्रकाशित की जा रही खबरों के बारे में बताया गया। बैठक में मौजूद जल मित्रों को अभियान संबंधी जानकारी देकर पानी बचाने में सहयोग करने और अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने को कहा गया। बैठक में जल मित्र विजेंद्र सिंह चैनपुरा, शेरसिंह सोमरा मालुपुरा, सुरेश पारीक पिलानी, कृष्ण चौधरी देवीपुरा सिंघाना, महीपाल जाट जाखोड़ा, राजेश मेघवाल स्वामी सेही, प्रवीण मेघवाल स्वामी सेही, सुमन देवी महत्ती की ढाणी मंड्रेला, उम्मेद सिंह नेहरा तारा का बास, गुलाब सिंह गोविंदपुरा, कमलेश कुमार पटेलनगर, नरेश शर्मा मंड्रेला, संदीप यादव कलगांव, अनिल कुल्हार चिड़ावा और संजय शर्मा श्योपुरा ने पानी बचाने को लेकर सुझाव रखे। बैठक के बाद स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स परिसर में जल मित्रों ने पौधे भी लगाए।
डेढ़ माह से कुआं बंद, ढाका की ढाणी के पानी के लिए परेशान
नवलगढ़ | ढाका की ढाणी के लोगों को पिछले डेढ़ माह से पीने का पानी नहीं मिल रहा है। रविवार को मूलचंद भामू के नेतृत्व में लोगों ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन के अनुसार सती जोहड़ी में पांच कुएं है, चार कुओं का पानी नवलगढ़ स्थित टंकियों में आता है और एक कुएं का पानी की ढाणी में सप्लाई होता है। यह कुआं पिछले डेढ़ माह से खराब पड़ा है। इस बारे में जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया, लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ। ऐसे में लोगों में रोष व्याप्त है।