चिरमिरी में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस कहां पहुंची, इसका आकलन वे स्वयं कर लें। राहुल द्वारा सरकार आने पर किसानों को कर्जमाफी देने के सवाल पर सीएम ने कहा कि जहां-जहां चुनाव अभियान का नेतृत्व उन्होंने किया है, वहां बड़ी-बड़ी घोषणाएं भी कीं, लेकिन उन सभी राज्यों में कांग्रेस की सरकार चली गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राहुल के टिकट घोषित करने पर कहा कि ये अच्छी बात है। वे 15 अगस्त तक टिकट घोषित कर दें, हम तो समय पर ही करेंगे। सीएम ने कांग्रेस की विकास खोजो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल को मैं बार-बार कहता हूं कि छत्तीसगढ़ में आकर विकास देखें और यहां से कुछ सीखें, क्योंकि अमेठी में तो विकास नहीं दिखता है। रही बात छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए कुछ करने की बात, तो राहुल एक बार प्रदेश में किसानों के लिए क्या-क्या किया गया है, एक बार कम से कम पढ़ जरूर लें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के लिए बहुत कुछ किया है। कांग्रेस पर जमकर निशाना मनेंद्रगढ़ को जिला नहीं बनाए जाने पर सिंह ने कहा कि लम्हों ने खता की है, सदियों ने सजा पाई है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस का ही नेतृत्व था कि ऐसा हुआ। हम इस दिशा में लगातार कोशिश कर रहे हैं कि इस क्षेत्र का ज्यादा से ज्यादा विकास हो। सीएम ने कहा कि 15 सालों के विकास को जनता के सामने रखने और जनता को हिसाब देने की यात्रा ही विकास यात्रा है। यह मेरे लिए आशीर्वाद यात्रा भी है। जिस विश्वास के साथ जनता ने समर्थन दिया, उसके लिए यह धन्यवाद यात्रा भी है। कल की यात्रा बाकी दिनों की यात्रा से अलग थी। आंधी और तूफान के बीच भी यात्रा हो सकती है, इसका पहला अनुभव था। आंधी देखकर मुझे नहीं लग रहा था कि कोई मिलेगा भी, लेकिन अप्रत्याशित भीड़ देखी। चिरमिरी में 50 हजार से ज्यादा लोग बारिश के बीच भी जमे रहे। कांग्रेस के मित्र विकास ढूंढने निकले हैं और हम विकास को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं।