संध्या को 10 हजार की प्रोत्साहन राशि
चिरमिरी| केबी पटेल ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन एनआरआई चंद्रकांत पटेल ने छग हायर सेकंडरी बोर्ड में 7वां स्थान लाने वाली संध्या सिंह को 10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि का चेक भेंट की है। मंगलवार को केबी पटेल काॅलेज प्रबंधन व स्टाफ की उपस्थिति में संध्या को सम्मानित करते हुए उसे राशि प्रदान की गई। चेयरमैन पटेल ने कहा है कि संध्या को आगे की उच्च स्तरीय पढ़ाई के लिए जो भी आवश्यकता होगी, उसकी हर संभव मदद उनकी ओर से की जाएगी। उन्होंने संध्या का परिणाम देखकर कहा कि यह अति प्रसन्नता का विषय है, आगे भी उम्मीद करता हूं कि इस तरह के परीक्षा परिणाम आगे भी लाएगी। उसने चिरमिरी एवं अपने माता पिता का नाम रोशन किया है। कहा कि संध्या हमारे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। बच्चों को उससे सीख लेनी चाहिए। संध्या से पूछा गया कि वह क्या करियर चुनना चाहती है तो उसने बताया कि वह आईएएस बनना चाहती है।