रेलवे डिवीजन बिलासपुर के पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता विजय प्रकाश पटेल ने चिरमिरी-नागपुर हाल्ट न्यू रेल लाइन विस्तारीकरण परियोजना का कार्य जल्द शुरू किए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री समेत रेलवे के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था, मामले में रेलवे प्रशासन की तरफ से सकारात्मक जवाब मिला है।
बता दें कि उपरोक्त नवीन रेल लाइन विस्तारीकरण परियोजना के लिए छग शासन और रेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 114 करोड़ की साझा वित्तीय मंजूरी पिछले बजट में प्रदान कर देने पर इस बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना का कार्य जल्द शुरू करने के लिए पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य ने विभिन्न रेलवे उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था, जिस पर दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे जोन बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एवं योजना ने पटेल को कार्यालयीन पत्र भेजकर उन्हें अवगत कराया है कि चिरमिरी-नागपुर हाल्ट न्यू रेल लाइन रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2018-19 के पिंक बुक मद संख्या-9 में स्वीकृत की है। नागपुर से चिरमिरी के अंतिम रेलवे स्टेशन के स्थान पर रेल पांतें बिछाने को लेकर निविदा हो चुका है आैर इस दिशा में जल्द से जल्द कार्य शुरू होने वाला है, जिस पर पटेल ने क्षेत्रवासियों की ओर से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेलवे प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह भी बता दें कि विगत दिनों बैकुण्ठपुर के हेलीपेड में पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मुलाकात के दौरान उन्हें ज्ञापन सौंपकर उपरोक्त रेल परियोजना का कार्य इसलिए शीघ्र शुरू किए जाने का अनुरोध किया था, क्योंकि विलंब होने से लागत में वृद्धि होगी तथा सरगुजा एवं शहडोल संभाग के लाखों नागरिक इस जीवनदायिनी रेल परियोजना के पूर्ण होकर शुरू होने की प्रतीक्षा की जा रही है, जिस पर मुख्यमंत्री ने इस दिशा में तैयारी पूर्ण होने तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर दिए जाने की सार्वजनिक घोषणा की गई थी।