सड़क डामरीकरण में अनियमितता को लेकर निगम के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर और ठेकेदार सोमवार को आमने-सामने हो गए। मिली जानकारी के अनुसार इंजीनियर के द्वारा हाईवा में लोड बीटूमेन और एग्रीगेट की जांच की बात कही गई, तो ठेकेदार काम बंद करने की धमकी देने लगा। मानकों के अनुसार काम न किए जाने की बात ईई बार-बार कहते रहें, लेकिन ठेकेदार अपनी बात पर अड़ा रहा। जिसके बाद निगम आयुक्त के सख्ती के बाद हाईवा में लोड डामर युक्त गिट्टी को तौल के लिए वेस्ट चिरमिरी स्थित कांटा घर लाया गया। इसके बाद शाम के समय निगम अमला द्वारा मशीनों की सहायता से सड़क की गुणवक्ता की जांच की गई। निगम आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि ईई डीके शर्मा को प्रतिदिन जांच उपरांत रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल
ईई शर्मा के अनुसार कई जगह मटेरियल कमजोर पाया गया, जिस कारण सड़क जल्द उखड़ने अंदेशा भी बना हुआ है। जाहिर है कि सड़क का काम जल्द से जल्द और गुणवत्तापूर्वक होना चाहिए। बार-बार निर्देश देने के बावजूद उसकी अनेदखी और ठेकेदार द्वारा काम बंद करने की चेतावनी देने पर ऐतराज जताया है। हालांकि निगम ने अपना उद्देश्य निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्वक कार्य करवाना बताया है, ताकि नागरिकों को परेशानी न हो।