आईपीएल देखने के लिए घर से 14 हजार लेकर मुंबई भागा था सौरभ
मुंबई से आने के बाद रजरप्पा थाना में मौजूद छात्र सौरभ।
नीली ओमनी वैन से किया था किडनैप : सौरभ
रामगढ़ कोर्ट में धारा 144 का बयान दर्ज होने के बाद रजरप्पा थाना में सौरभ अपने बयान से पलट गया। उसने कहा कि मेरा अपहरण हुआ था। इसमें आठ अपराधी शामिल थे। सभी ने जनियामारा जंगल से ब्लू रंग की ओमिनी कार में बैठाकर बेहोश कर दिया। फिर ट्रेन से मुंबई ले गए। वहां अपराधी शराब पीने लगे तो मैं उन्हें चकमा देकर भाग निकला।
सौरभ ने खुद कटाया था बस और ट्रेन का टिकट
मामले के अनुसंधानकर्ता सअनि विनय कुमार ठाकुर ने बताया कि सौरभ के बैग से 14 हजार रुपए समेत कुल 35 सामान जब्त किए गए हैं। उसने चितरपुर से रांची तक बस का टिकट और रांची से धनबाद और धनबाद से मुंबई मेल के लिए खुद टिकट कटाया था। सभी टिकट उसके पैकेट से बरामद कर लिए गए हैं।
सबूत बता रहे हैं कि सौरभ खुद भागा था : पुलिस
अनुसंधानकर्ता पुलिस पदाधिकारी विनय कुमार ठाकुर कहते हैं कि वह घर से बैग और पैसा लेकर निकला था। उसने कोर्ट को बताया कि वह आॅटो से चितरपुर आया। बस से रांची गया। रांची से ट्रेन का टिकट कटाकर जनरल बोगी से धनबाद गया। धनबाद रेलवे स्टेशन से मुंबई मेल से वह मुंबई चला गया। सारे सबूत बता रहे हैं कि सौरभ खुद घर से भागा था।