कांग्रेस पार्टी देश में राष्ट्रीय नहीं बल्कि क्षेत्रीय पार्टी बनकर रह गई है। कर्नाटक में हमें रोकने के लिए उन्होंने क्षेत्रीय पार्टी जेडीएस को समर्थन देकर सरकार बनाने का काम किया। यही हाल झारखंड में भी है जहां वर्तमान में हो रहे दो उपचुनाव में वह झामुमो की पिछलग्गू पार्टी बनकर रह गई है। इससे पता चलता है कि कांग्रेस की स्थिति पूरे देश में क्या है। उक्त बातें झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रजरप्पा स्थित प्रशासनिक भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही । वे रविवार को रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिके मंदिर पहुंचे हुए थे। यहां पहुंच कर उन्होंने मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आगे कहा कि ना हम वंशवाद की राजनीति करते हैं और ना परिवारवाद की। कर्नाटक में सबसे ज्यादा सीट जीतने का काम भाजपा ने किया। लेकिन अनैतिक संबंध बनाकर कांग्रेस ने वहां जेडीएस का सरकार बनाने का काम किया है। आने वाले चुनाव में वहां की जनता उन्हें सबक सिखाने का काम करेगी। उन्होंने आगे कहा कि रजरप्पा मंदिर विश्वस्तरीय मंदिर के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगी। इसके लिए सरकार पूरी तरह से कृतसंकल्प है। गोमिया चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि गोमिया में निश्चित तौर पर भाजपा की जीत होगी क्योंकि भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों के अंदर काफी विकास किया है। करोड़ों रुपए की जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया गया है। जल्द ही रामगढ़ के साथ बोकारो जिला भी पानी की समस्या से मुक्त होगा और नल के सहारे लोगों के घरों तक पानी पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि 2019 तक यहां के लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। पत्रकारों से बातचीत के पश्चात वे गोमिया के लिए प्रस्थान कर गए।
इनकी रही उपस्थिति : मुख्यमंत्री रघुवर दास के रजरप्पा आगमन पर झारखंड राज्य 20 सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद,रामगढ़ उपायुक्त बी राजेश्वरी, प्रभारी एसपी रामगढ़ अनीश गुप्ता, डीडीसी सुनील कुमार, मुख्यालय डीएसपी वीरेंद्र चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार, रामगढ़ बीडीओ नम्रता जोशी, सीओ अमृता केशरवानी, चितरपुर बीडीओ नूतन कुमारी, सीओ कुंवर सिंह पहान, दुलमी बीडीओ जयाशंखी मुर्मू, गोला बीडीओ श्रीमान मरांडी, भाजपा नेता चंद्रशेखर चौधरी, रंजीत प्रसाद, छोटन सिंह सहित कई लोगो की मौजूदगी रही।
सीढ़ियों पर गिर रहे सीएम को जवानों ने संभाला
मुख्यमंत्री रघुवर दास जब पूजा अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब वे सीढ़ियों से उतरने के दौरान अचानक फिसल गए और गिरते गिरते बाल-बाल बच गए। उनके साथ आए जवानों ने उन्हें संभाल लिया। जिसके बाद उन्होंने रामगढ़ उपायुक्त राजेश्वरी बी को हर 15 दिनों में सीढ़ियों की साफ-सफाई का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने पुजारी सुभाशीष पंडा को भी मंदिर की साफ-सफाई पर ध्यान देने की बात कही। मुख्यमंत्री रघुवर दास के रजरप्पा पहुंचने पर यहां सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। इस दौरान उनकी सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात किए गए थे ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
पूजा के दौरान सीढ़ियों से फिसले सीएम, डीसी को दिया हर 15 दिन में सफाई कराने का निर्देश
पूजा-अर्चना के बाद सीिढ़यों से गिरने से बचे मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को दिया साफ-सफाई का निर्देश।