10008 रुद्र महायज्ञ के लिए 651 महिलाओं ने उठाया कलश
दामोदर नदी के दूसरे छोर पर स्थित कंडेर में मंगलवार को सात दिवसीय श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ सह हनुमंत लला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा में कंडेर सहित आसपास के 651 महिलाओं के साथ सैकड़ों लोगों की भागीदारी रही।
कलश यात्रा में शामिल महिलाओं ने दामोदर नदी से जल उठा कर पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर यज्ञ मंडप में पहुंची। इस दौरान जय माता दी, बजरंग बली की जय, राम लखन जानकी जय हनुमान की, आदि नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इससे पूर्व दामोदर नदी तट पर आचार्य बाल मुकुंद पांडेय द्वारा विधि विधान के साथ पूजा अर्चना और संकल्प कराया गया। तत्पश्चात महिला श्रद्धालुओं के सिर पर कलश रखकर यात्रियों को रवाना किया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विशिष्ट अतिथि गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र महतो मौजूद थे। मौके पर उन्होंने कहा कि यज्ञ से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो जाता है। मौके पर झामुमो के रामगढ़ जिला अध्यक्ष विनोद किस्कु, बोकारो जिला अध्यक्ष हीरालाल मांझी, संजीव बेदिया सहित चमन मुंडा, उमेश कुमार, राजेंद्र महतो, डॉ इंद्रनाथ महतो, हेमू यादव सहित कई मौजूद थे।
आस्था
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूर्व विधायक और हजारों लोग हुए शामिल, दामोदर नदी से जल उठा कर पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर यज्ञ मंडप में पहुंचे श्रद्धालू
कलश यात्रा के दौरान लोगो को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री व अन्य ।
सिल्ली और गोमिया में दोबारा होगी झामुमो की जीत : हेमंत
कंडेर में आयोजित श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सिल्ली और गोमिया विधानसभा में दोबारा झामुमो की जीत होगी। उन्होंने आगे कहा कि सरकार पक्षपात पूर्ण रवैया अपना रही है। योगेंद्र महतो और अमित महतो का सजा यह दर्शाती है । क्योंकि भाजपा के कई विधायकों के ऊपर भी कई संगीन आरोप हैं। लेकिन उन पर किसी प्रकार का कोई कार्यवाही नहीं किया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि एसटी-एससी कानून में बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। यह केंद्र सरकार का दलितों के खिलाफ एक साजिश है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आगे कहा कि राज्यसभा चुनाव में भी काफी गड़बड़ियां फैलाने का प्रयास किया गया, बावजूद यूपीए की जीत हुई। वही नगरपालिका के चुनाव में भी कार्डिनल तक को भी वोट देने नहीं दिया गया। मुझे ही वोट देने में काफी परेशानी हुई। यह सब दर्शाता है कि भाजपा किसी भी हाल में चुनाव जीतना चाहती है, लेकिन जनता उनके मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगी।