धधकती आग में चलकर दिखाई शिव में आस्था
भास्कर न्यूज | रजरप्पा/चितरपुर
चितरपुर और मारंगमरचा में शनिवार को धूमधाम के साथ मंडा पर्व संपन्न हो गया। मंडा पर्व के दौरान शिवभक्त अंगारों में नंगे पांव चल कर अपनी भक्ति का परिचय दिया। इसके अलावा चितरपुर शिवालय मंदिर में शिव भक्तों ने अपनी पीठ में कील ठोक कर बनसखूंटा में 20 फुट की ऊंचाई पर झूलकर शिव भक्ति का परिचय दिया।
इस दौरान भक्त दर्द की परवाह किए बगैर बोलो से बोलो भक्ता बोलो शिवाय महेश के जयकारे से पूरा चितरपुर गुंजायमान हो गया । मंडा पर्व के दौरान यहां भक्तों ने शिव एवं पार्वती की पूजा अर्चना की। वहीं इस दौरान मेले का भी आयोजन किया गया था। इसमें भारी भीड़ उमड़ कर मेले का आनंद उठाया, और जमकर खरीदारी भी की। इससे पूर्व शुक्रवार शाम को ही शिव भक्त लोटन सेवा करते हुए मंदिर में प्रवेश किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस क्रम में मंडा पूजा समिति द्वारा देर रात यहां छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद चितरपुर उत्तरी पार्षद गोपाल चौधरी व विशिष्ट अतिथि चितरपुर दक्षिणी पार्षद पवन शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। तत्पश्चात बंगाल से आए कलाकारों द्वारा छऊ नृत्य का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मौके पर भानु प्रकाश महतो, खिलेश्वर लहरी, नागेश्वर दांगी, मधु चौधरी, गज्जू चौधरी, धीरेन महतो, अनिल दांगी, दिनेश चौधरी, राज कपूर रजक ,सुरेंद्र चौधरी ,ऋषि दांगी, कारू दांगी, राजीव रजक, किरण दांगी, नंदू पांडेय, गजरा चौधरी, चिंता चौधरी सहित कई मौजूद थे।
चितरपुर में मंडा पर्व के दौरान दहकते अंगारों पर चलते शिवभक्त ।
छऊ नृत्य करते कलाकार।