भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़
पानी चाहिए तो उसे अभी से बचाइए और आने वाले कल के लिए जल को सहेजना बेहद आवश्यक है। यह कहना था भास्कर के जल मित्रों का। शुक्रवार को दैनिक भास्कर के जल मित्र अभियान से जुड़े डेढ़ दर्जन से अधिक जल मित्रों ने पानी की बर्बादी को रोकने की न केवल शपथ ली बल्कि लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करने की हां भी की।
जिला मुख्यालय पर महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित खरडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में इन जल मित्रों ने शपथ लेते हुए इसे अपना नैतिक दायित्व माना और इसके लिए महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने की शपथ ली। जल मित्रों ने अपने सुझाव भी दिए। जल मित्रों ने कहा कि गली मोहल्लों, मुख्य मार्ग सहित अन्य स्थानों पर अमूमन लीकेज देखे जाते हैं लेकिन कोई गौर नहीं करता। भास्कर ने यह कदम उठाकर पानी बचाने का सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने मौके पर ही जल की हो रही बर्बादी के उदाहरण भी बताए और उन्हें सुधारने का निर्णय लिया।
ये बने जल मित्र, ली शपथ
चित्तौड़गढ़. महेश सेवा संस्थान के अनिल मालीवाल, पूर्व बार संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, निजी स्कूल संचालक बनवारीलाल शर्मा, युवा दशनाम गोस्वामी समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेश भारती, सुखवाल ब्राह्मण समाज युवा संगठन के जिलाध्यक्ष रितिक ओझा, राव युवा शक्ति मंच के महामंत्री पवन जागा, श्रीनामदेव टांक क्षत्रिय दर्जी समाज नवयुवक मंडल के विशाल छापरवाल, बंटी साहू, बबलू पारीक, शुभम व्यास, पंकज लोहार सहित ने जल बचाओं अभियान की जल मित्र के रुप में शपथ ली। इधर जल मित्र यूथ फोर चेंज सोसायटी के अक्षय सुराणा, लक्ष्मीनारायण डाड, दिव्या जैन, विनोद मीणा, अरविंदसिंह खोडियाखेडा, उज्जवल दाधीच ने भी लोगों को जल संरक्षण की अपील की।
जल मित्र बोले- आने वाले कल के लिए जल को सहेजना आवश्यक
खरडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जल संरक्षण की शपथ लेते हुए जल मित्र।