चित्तौड़गढ़ | सैनिक स्कूल के छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए कोटा में जीत का परचम लहराते हुए राज्य में जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता के लिए स्कूल प्रशासन ने दो महीनों से छात्रों को कोच सोनू चौधरी और लक्ष्य कौशिक से प्रशिक्षण दिलवाया था।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल के छात्रों ने कोटा में हुई राज्य स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में जिले के कुल 12 बॉक्सरों ने भाग लिया। जिसमें से आठ बाक्सर सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ से थे। प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के छात्रों ने सात पदकों पर कब्जा किया। यह प्रतियोगिता 13 से 16 मई को कोटा में आयोजित की गई। यह प्रतियोगिता 34-36, 38-40, 50-52, 57-60, 63-66 किग्रा भार वर्ग में आयोजित की गई। सब जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के लिए इस प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल के छात्रों ने दो स्वर्ण, दो रजत एवं तीन कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया। कैडेट अभिषेक सैनी ने 63-66 कि.ग्रा. भार वर्ग में एवं कैडेट प्रतीश बिश्नोई ने 34-36 कि.ग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक, कैडेट जितेंद्र ने 34-36 किग्रा भार वर्ग में एवं कैडेट आशीष ने 38-40 किग्रा भार वर्ग मेें रजत पदक एवं कैडेट प्रदीप ने 38-40 किग्रा भार वर्ग में, हर्षित ने 52-52 किग्रा भार वर्ग में, कपिल सियाग ने 57-60 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया। इधर इस जीत पर स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी मेजर संजय चौधरी एवं प्राचार्य कर्नल राजेश राघव ने छात्रों को बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए प्रेरित किया।