भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़
अगर आप चौपहिया वाहन लेकर रेलवे स्टेशन पर जा रहे हैं तो अब तो पार्किंग शुल्क से घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि रेलवे स्टेशन पर अग्रिम आदेश तक कार पार्किंग निशुल्क रहेगी।
मंडल वाणिज्य निरीक्षक एनके जोशी ने बताया कि रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक व दो पर चौपहिया वाहन पार्किंग का ठेका दिल्ली की कंपनी के एक व्यक्ति चंदनसिंह के नाम पर 17 मई रात 12 बजे तक था। अब 17मई के बाद अगला चौपहिया वाहन पार्किंग ठेका फिलहाल नहीं हो पाया है। रतलाम से प्राप्त हुए आदेश पत्र की पालना में स्टेशन की दोनों पार्किंग पर शुक्रवार को निशुल्क कार पार्किंग का नोटिस भी चस्पा किया गया।
स्टेशन प्रबंधक सुभाष पुरोहित ने बताया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में चौपहिया वाहन संबंधी कोई भी वसूली करता है तो वह भी अवैध मानी जाएगी। हालांकि टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। अग्रिम आदेश तक स्टेशन क्षेत्र में चौपहिया वाहनों की पार्किंग निशुल्क रहेगी।
ये सुविधा भी निशुल्क
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बने मूत्रालय-शौचालय का भी टेंडर नहीं होने से वर्तमान में अग्रिम आदेश तक यह सुविधा निशुल्क कर दी गई है।
जिम्मेदारी मालिक की ही होगी...इसके तहत अब 17 मई की रात 12 बजे बाद रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कोई भी वाहन धारक चौपहिया वाहन की कहीं भी पार्किंग करता है तो उसके वाहन में किसी भी प्रकार के नुकसान की जिम्मेदारी उसकी स्वयं की होगी।