पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एक ही जमीन दो पार्टियों को बेचकर 85 लाख की धोखाधड़ी की दो थानों में मामले, कोर्ट में केस फिर भी आरोपी 7 माह से है फरार

एक ही जमीन दो पार्टियों को बेचकर 85 लाख की धोखाधड़ी की दो थानों में मामले, कोर्ट में केस फिर भी आरोपी 7 माह से है फरार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़

एक व्यक्ति ने एक ही कृषि भूमि को दो अलग पार्टियों को बेचकर उनसे लगभग 85 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली। खुद को फंसता देखकर दो बार चेक देकर अनादरित करा दिए। आरोपी के खिलाफ जयपुर के विद्याधर नगर व चित्तौड़गढ़ के सदर थाने में प्रकरण दर्ज हैं। इसके बावजूद दोनों थानों की पुलिस सात महीने बाद भी आरोपी को पकड़ नहीं पा रही।

जयपुर के मुरलीपुरा बैनाड़ रोड निवासी श्यामसुंदर खत्री ने 15 नवंबर 2017 को जयपुर विद्याधर नगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि चित्तौड़गढ़ सदर थाना क्षेत्र के देवरी निवासी सूरज पुत्र यशपाल बिलोची उसका जान पहचान का व्यक्ति रहा है। उससे सेंती क्षेत्र में 9 रकबा 2.06 हैक्टेयर कृषि भूमि 35 लाख रुपए में खरीदी। स्टांप पर इकरारनामा करवाने के साथ नोटरी भी करवा ली गई। सूरज ने ढाई महीने में कब्जा सौंपने तथा रजिस्ट्री की बात कही, लेकिन टालमटोल करने लगा। बाद में पता चला कि भूमि विवादित है। सूरज ने और लोगों को भी यह बेच कर रुपए ले रखे हैं। कानूनी कार्रवाई की बात कहने पर सूरज ने विश्वास दिलाया कि 10 जुलाई को जयपुर आकर हिसाब कर देगा। सूरज ने इस दिन जयपुर पहुंचकर श्यामसुंदर को विजया बैंक चित्तौड़ के नाम का 35 लाख रुपए का चेक भी दिया, जो 14 अगस्त को अनादरित हो गया। बताने पर उसने कहा कि 15 सितंबर के बाद वापस चेक लगा देना। राशि मिल जाएगी। इसके बाद चेक लगाया तो 20 सितंबर को फिर अनादरित हो गया और वह झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगा। बाद में पता चला कि सूरज ने जो भूमि बेची थी, उस पर एसडीएम ने स्टे दे रखा है। यही जमीन अन्य लोगों को भी बेच रखी है। पुलिस थाना विद्याधर नगर जयपुर में प्रकरण धारा 420,467,468,471,504 में दर्ज कर जांच शुरू की गई।

चित्तौड़गढ़ सदर थाना पुलिस को भी आरोपी की तलाश ... देवरी के सूरजप्रकाश बिलोची तथा सेंती के विजयकुमार मेवानी के खिलाफ चित्तौड़ सदर थाने में भी कृषि भूमि बेचने को लेकर 50 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। प्रतापनगर के शिवसिंह बोहरा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सूरजप्रकाश ने सेंती में 0.88 हैक्टेयर कृषि भूमि 33 लाख रुपए में बेची। इसी तरह 28 हजार वर्गफीट का आवासीय भूखंड 28 लाख रुपए में बेचा। इन दोनों जमीनों की एवज में उससे 50 लाख रुपए लिए। कई दिनों बाद भी रजिस्ट्री नहीं करवाई। शिवसिंह ने न्यायालय में भी वाद दायर करवाया है।

सीएम की जनसुनवाई में भी की मांग ... पीड़ित श्याम सुंदर खत्री ने 4 अप्रैल व 24 मार्च को मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में भी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। आरोपी उसके दूर के रिश्ते में साला भी लगता है।

सूरजप्रकाश के विरुद्ध जयपुर के विद्याधर नगर थाने में भी प्रकरण दर्ज है। जयपुर की पुलिस भी चित्तौड़ आई थी। सदर थाना पुलिस ने भी उसके घर पर कई बार दबिश दी है। वह घर पर नहीं मिला। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। भारतसिंह राठौड़, सीआई सदर थाना

खबरें और भी हैं...