कपासन | कार चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने चोरी की बोलेरो व एक बाइक भी जब्त की। आरोपी ने कई जिलों से अपने गिरोह के साथ चोरी की वारदातें कबूल की है।
पुलिस अनुसार 6 मई को स्थानीय एसआर वाटिका के बाहर हथियाना निवासी पंकज टेलर पुत्र शंकर लाल टेलर की कार चोरी हो गई थी। पंकज वहां भजन संध्या सुनने आया था। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एएसआई लक्ष्मण सिंह ने टीम का गठन किया, जिसमें हैड कांस्टेबल लालाराम, कांस्टेबल सुनील, ओमप्रकाश आदि को शामिल किया। पुलिस जांच व कॉल डिटेल से सामने आया कि कार चुराने में बानसेन निवासी मुकेश पुत्र प्रभुलाल तेली का हाथ हैं। जो घटना के बाद से ही फरार हो गया था। गुरुवार रात को मुखबीर से सूचना मिली कि आरोपी बोलेरो में सवार होकर भादसोड़ा से शनि महाराज ओर जा रहा है। इस पर पर पुलिस ने उक्त मार्ग पर नाकाबंदी की। पुलिस को देख कर आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया व थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बोलेरो गाड़ी कोटड़ी श्याम मंदिर से चुराई गई थी व बाइक जो कोटड़ी के पास से चुराई थी को जप्त किया। उसने बताया कि उसके साथी भीलवाड़ा कोटड़ी के रामनगर निवासी नारायण लाल गुर्जर के साथ इस चोरी को अंजाम दिया था। आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर मारुती 800 प्रतापनगर उदयपुर से तथा एक ट्रक फतेहनगर के पास से, धनेत चित्तौड़गढ़ के पास से दो ट्रैक्टर तथा एक बोलेरो गाडी पाली से चुराना स्वीकार किया। भीलवाड़ा जिले में कंजरों के साथ मिलकर करीब दर्जनभर चोरी करना स्वीकार किया।