अधिकमास शुरू; धार्मिक अनुष्ठान व दान-पुण्य होंगे
चित्तौड़गढ़ | इस बार दो ज्येष्ठ मास है। बुधवार को शुक्ल प्रतिपदा के साथ अधिकमास प्रारंभ हो गया। इसके तहत मंदिरों में विशेष धर्म अनुष्ठान, पूजा-अर्चना आदि शुरू हो गए। लोग भी धर्म-कर्म से जुड़ गए। मिठाई गली स्थित श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में अधिकमास प्रारंभ होने के साथ सुबह पंचामृत स्नान के साथ भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। पुजारी सत्यनारायण के अनुसार शहर का बड़ा मंदिर होने व अधिकमास की धार्मिक मान्यता के दृष्टिगत प्रतिदिन पंचामृत से अभिषेक के साथ अलग-अलग श्रृंगार किया जाएगा। अधिकमास के आखिरी पंद्रह दिन में मंदिर में प्रतिदिन सालभर के विशेष उत्सव मनाए जाएंगे।