चित्तौड़गढ़ | जिला कारागृह में निरुद्ध महिला बंदियों तथा उनके बच्चों के लिए विधिक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का विशेष अभियान 26 मई तक जारी रहेगा। रविवार को टीम की सदस्य डॉ. ऋतु खाब्या ने महिला बंदियों की जांच कर उपचार किया। कौशल विकास संस्थान की सदस्य नीलम चौधरी एवं हेमलता शर्मा ने महिला बंदियों को मेंहदी लगाने का प्रशिक्षण दिया। संस्थान के सदस्य सात दिन तक महिला बंदियों को जीविकोपार्जन के लिए विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान कारापाल दूल्हेसिंह ने आभार जताया। सोमवार को विशेष टीम सदस्य व समाज कल्याण विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल महिला बंदियों को सरकारी सुविधा व योजनाओं की जानकारी देंगे।