एएसआई पिता ने बेटियों को किया शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए तैयार
चित्तौड़गढ़ | शहर की रिजर्व पुलिस लाइन में एएसआई भीमगिरी गोस्वामी की दो बेटियों 23 वर्षीय सोनू व 22 वर्षीय सीमा राजस्थान कारागृह विभाग की भर्ती परीक्षा में सफल होकर अब जेल प्रहरी बनेंगी। संभाग में महिला अभ्यर्थियों के लिए कुल 15 पद थे, जिनमें सफल होने वाली महिलाओं में जिले से ये दो बहनें भी हैं। दोनों बहनों ने बीएड भी किया है। वर्ष 2015 में जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा निरस्त हो गई। बाद में जब ये परीक्षा वापस आई तो पास करने की ठान ली। पिता भीमगिरी व मां चुन्नीदेवी के सहयोग से डेढ़ साल तैयारी की। पिता दोनों बेटियों को सुबह पांच बजे ही उठाकर तैयारी में लगा देते। फिजिकल फिट रहने के लिए वर्कआउट करवाते। मां दोनों की सेहत का ध्यान रखने लगीं। बेटियों ने तय कर लिया था कि मम्मी, पापा का सपना पूरा करना है। दोनों बहनें एसआई की तैयारी भी कर रही हैं। दोनों बैडमिंटन की नेशनल प्लेयर भी हैं।
संभाग में सामान्य महिला श्रेणी में 10 पद ही थे
जेल प्रहरी के 925 पदों के लिए नौ लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। उदयपुर मंडल में सबसे कम पद थे। सामान्य पुरुष श्रेणी में 36 और महिला के दस पद ही थे। चार विधवा व एक तलाकशुदा महिला अभ्यर्थी का पद था। संभाग में सफल 15 महिला अभ्यर्थियों में से दो पदों पर ये दो बहनें हैं।